आबूरोड रीको थाना क्षेत्र के चंद्रावती गांव में शनिवार रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। यहां पैसे नहीं देने से नाराज एक बेटे ने अपने ही पिता पर कुदाली से हमला कर दिया, जिससे पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मावल निवासी शंकरलाल मावल आबूरोड रीको क्षेत्र में एक औद्योगिक इकाई के पास चौकीदार का काम करता था। शनिवार रात करीब 10 बजे उसके बेटे पिंटू ने उससे पैसे मांगे। पिता द्वारा पैसे देने से मना करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान गुस्से में आए आरोपी पिंटू ने कुदाली से अपने पिता पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से शंकरलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: अंतरराष्ट्रीय IVR कॉल से ‘डिजिटल अरेस्ट’ ठगी का नया खतरा, राजस्थान पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
घटना की सूचना मिलने पर रीको थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया। शनिवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी और आरोपी पिंटू को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी पहलुओं की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।