पिता ने बताया कि करीब पांच वर्ष पहले उन्होंने अपनी बेटी की शादी बरूणा माजरा में लाडी नामक युवक के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी. शुरुआती दो साल तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद युवक चिट्टे जैसे खतरनाक नशे की गिरफ्त में आ गया. नशे में धुत पति न तो काम करता था और न ही घर खर्च में कोई मदद देता था. उल्टा पत्नी को ही दिन-रात मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक यातनाएं देने लगा.
परिवार ने बताया कि बेटी एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट के तौर पर काम करती थी और अपने घर का पूरा खर्च खुद उठा रही थी, लेकिन पति और ससुराल वाले उसे काम पर भी तंग करने पहुंच जाते थे.
पीड़िता ने बताया कि उसका पति चिट्टे का सेवन ही नहीं, गंदा काम करने के लिए भी मजबूर करने लगा था. मना करने पर मारपीट करने लगा और धमकियां देता था.
महिला ने बताया कि पति ने कई बार उसे नशे की ओवरडोज देकर जान से मारने की कोशिश भी की. घर के साथ-साथ कंपनी में जाकर भी उसे परेशान किया जाता था. लगातार मानसिक उत्पीड़न के कारण वह गंभीर डिप्रेशन में चली गई. हाल ही में 2 दिसंबर को भी पति और उसके परिवार वालों ने उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया. इसके बाद पति कंपनी तक पहुंच गया और वहां भी उसे धमकियां देकर परेशान किया. हद से ज्यादा दबाव में आकर महिला ने अपने परिजनों को मैसेज भेजा कि वह अपनी जिंदगी खत्म करने जा रही है.मैसेज मिलते ही परिवार घबरा गया और तुरंत रोपड़ नहर की ओर रवाना हुआ. जब तक वह पहुंचे, बेटी ने छलांग लगा दी थी.
पुलिस को आरोपी दामाद के खिलाफ दी शिकायत
पिता ने बताया कि कोई भी नहर में कूदने की हिम्मत नहीं कर रहा था. मैंने खुद जान जोखिम में डालकर छलांग लगाई और बेटी को बाहर निकाला. फिर उसे अस्पताल ले गए. परिजनों के अनुसार बेटी को नहर में काफी देर तलाश किया गया और उसे बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया.घटना के बाद परिवार ने आरोपी पति और उसके परिजनों के खिलाफ पुलिस चौकी जोघो में लिखित शिकायत दी है. उनका आरोप है कि लाडी न सिर्फ नशे का आदी है, बल्कि नशा बेचने के काम में भी शामिल है. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति सहित अन्य पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस इस पूरे मामले में नशा तस्करी, घरेलू हिंसा, मानसिक उत्पीड़न और सुसाइड के लिए उकसाने से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है.पुलिस सूत्रों का कहना है कि जल्द ही आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.