शहीद भगत सिंह की प्रतिमा का अनावरण न होने पर भड़के लोग।
सोहना के फवारा चौक पर स्थापित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा का अनावरण न होने से नगरवासियों में भारी रोष है। इसी को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने चौक पर धरना-प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद और प्रशासनिक अधिकारियों पर शहीदों का अपमान करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि पहले फाइबर की प्रतिमा स्थापित कर शहीद भगत सिंह की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई थी। विरोध के बाद नई प्रतिमा तो लगाई गई, लेकिन लंबे समय से उसका औपचारिक अनावरण नहीं किया गया है।
नागरिकों ने प्रतिमा स्थल की सफाई व्यवस्था पर भी ध्यान न दिए जाने का आरोप लगाया, जिससे प्रशासन की उदासीनता उजागर होती है। कुछ प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।
नारेबाजी करते हुए लोग।
स्वयं अनावरण करने की दी चेतावनी
धरना-प्रदर्शन के दौरान नागरिकों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि गुरु पर्व तक शहीद भगत सिंह की प्रतिमा का अनावरण नहीं किया गया, तो वे स्वयं इसका अनावरण करेंगे। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर पूर्व शिव कुंड समिति के प्रधान शिवकुमार राघव, बिरजू अधाना, पार्षद गुरबचन सिंह, पूर्व पार्षद नंदू सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। सभी ने शहीद भगत सिंह के सम्मान की रक्षा और प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
नगरवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द प्रतिमा का विधिवत अनावरण कर शहीद भगत सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.