फोर बाई फोर वाहनों को ही दी गई अनुमति, बर्फ में पर्यटकों ने खूब की मस्ती
कोकसर में सड़क पर बर्फ में जमने से धक्का देकर निकाले पर्यटकों के वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पर्यटन नगरी में मौसम का मिजाज बिगड़ते ही सोमवार दोपहर के समय अटल टनल रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई। पर्यटकों ने अटल टनल में बर्फ के फाहों के बीच जमकर मस्ती की।
बर्फबारी के कारण दो घंटे पर्यटक वाहनों को टनल की ओर जाने से रोक दिया गया। सिर्फ फोर बाई फोर वाहनों को ही टनल की ओर जाने की अनुमति दी गई। इसके बाद टनल होकर कोकसर पहुंचे कई पर्यटक वाहनों को सड़क में जमी बर्फ में धक्का देकर निकालना पड़ा। हालांकि मनाली शहर सहित आसपास के क्षेत्र में आज दिनभर आसमान में हल्की धूप और बादल छाए रहे। ऐसे में अटल टनल रोहतांग पहुंचे सैलानियों ने ताजा बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। इस दौरान कुछ समय के लिए ट्रैफिक को रोका गया और जैसे ही बर्फबारी का दौर थमा यहां ट्रैफिक फिर से सुचारू रूप से चलता रहा।
अटल टनल घूमकर आए सैलानियों ने कहा कि सोमवार सुबह के समय मनाली में हल्की धूप खिली हुई थी और हल्के बादल भी छाए थे। उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि उन्हें लाइव स्नोफॉल देखने को मिलेगी लेकिन जैसे ही वे अटल टनल रोहतांग के पास पहुंचे तो बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। इसका उन्होंने भी जमकर लुत्फ उठाया और उनका मनाली आने का ट्रिप सफल रहा।
पर्यटक अर्चित गावस्कर और मनीषा कौर ने कहा कि ठंड भी काफी ज्यादा थी लेकिन जैसे ही वे वापस मनाली पहुंचे तो यहां मौसम बिल्कुल विपरीत था और धूप खिली थी। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि दोपहर को हल्की बर्फबारी शुरू होने पर पर्यटक वाहनों को सोलंगनाला में ही रोका गया। हालांकि फोर बाई फोर वाहनों की आवाजाही जारी रही। मौसम खुलने पर कुछ देर बाद वाहन छोड़े गए।
—
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.