भास्कर खास खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025, श्री श्री रविशंकर का प्रोग्राम ‘उत्साह-एक युवा संगम’, आर्मी डे शौर्य संध्या और अब 26 जनवरी के कार्यक्रम के बाद सवाई मानसिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम क्रिकेट के लिए पूरी तरह से फ्री हो जाएगा। आईपीएल शुरू होने में अभी करीब 2 महीने हैं। 26 जनवरी के बाद आईपीएल की तैयारियां शुरू की जा सकती हैं। और अगर आईपीएल की मेजबानी जयपुर को मिलती है तो यह एक बार फिर आईपीएल शुरू होने तक दुल्हन की तरह सज-धज कर तैयार भी हो जाएगा। खास बात यह है कि राजस्थान क्रिकेट संघ और राजस्थान राज्य स्पोर्ट्स काउंसिल दोनों ही चाहते हैं कि आईपीएल के मैच जयपुर में ही हों लेकिन राजस्थान रॉयल्स सुरक्षा का हवाला देकर पता नहीं क्यों अपना बेस पुणे शिफ्ट करना चाहती है। इस संबंध में मंगलवार को आरसीए के कन्वीनर डीडी कुमावत और स्पोर्ट्स काउंसिल अध्यक्ष नीरज के. पवन ने आपस में चर्चा भी की। टॉप लेवल पर भी आईपीएल जयपुर में ही कराने के प्रयास हो रहे : नीरज के. पवन नीरज के पवन ने कहा, ‘हम तो यही चाहते हैं कि आईपीएल मैच जयपुर में ही हों। 26 जनवरी के बाद स्टेडियम पूरी तरह से फ्री हो जाएगा। इसके बाद क्रिकेट एरीना पर किसी तरह की कोई गतिविधि प्रस्तावित नहीं है। 2 महीने में इसे आईपीएल के लिए आराम से तैयार किया जा सकता है। इस बारे में हम बुधवार को खेलमंत्रीजी (राज्यवर्धन सिंह राठौड़) से चर्चा करेंगे। टॉप लेवल पर भी मैच जयपुर में ही कराए जाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।’ उल्लेखनीय है कि पिछले दो बार स्पोर्ट्स काउंसिल ने आईपीएल मैचों का आयोजन किया था। लेकिन पिछले साल 6 मार्च 2025 को बीसीसीआई के एक मेल से स्थिति असमंजस की हो गई है। उस मेल में साफ-साफ लिखा था कि अगले साल से जयपुर में अगर कोई आईपीएल कराएगा तो वह हमारी इकाई यानी राजस्थान क्रिकेट संघ ही कराएगा। कैसे कराएगा आरसीए आईपीएल, जब स्टेडियम का एमओयू ही नही : आरसीए एडहॉक कमेटी भी उसी स्थिति में आईपीएल का आयोजन कर सकती है जबकि उसके पास अपना खुद का स्टेडियम हो या फिर स्टेडियम का एमओयू हो। आरसीए का खुद का स्टेडियम तो है नहीं। जोधपुर के बरकतुल्ला खां स्टेडियम का एमओयू आरसीए से है। एसएमएस में आईपीएल मैच कराने हैं तो स्टेडियम का एमओयू होना जरूरी है। एसएमएस स्टेडियम में चल रही 26 जनवरी की तैयारियां।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.