जिले में गुरुवार को एक गंभीर सड़क हादसे ने क्षेत्र में हलचल मचा दी। जिला मुख्यालय से ताला मार्ग पर बड़ेरी गांव के पास आर्टिका कार और ऑटो के बीच आमने सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में ऑटो सवार छह ग्रामीण घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑटो में सवार ग्रामीण बरतराई गांव से मझौली (बांका) की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही आर्टिका कार क्रमांक एमपी 54 जेडबी 7435 से ऑटो क्रमांक एमपी 54 आर 0369 की सीधी भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और चालक संतुलन नहीं बना सके, जिससे यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
टक्कर के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को ऑटो से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल उमरिया भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कुछ लोगों को सिर और हाथ पैर में चोटें आई हैं, लेकिन सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें- इंदौर के डबल डेकर ब्रिज का 80 प्रशिशत काम पूरा, चार माह में मिलेगी सौगात
घायलों की पहचान सोबरन सिंह, शोभा सिंह, लीला बाई, रमा बाई, प्रेम बाई और संता बाई के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। घायलों का उपचार जारी है और डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस द्वारा वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर ताला मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से सख्त निगरानी और यातायात नियमों के पालन की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.