सिरसा में हरियाणा रोडवेज के अंतर्गत किलोमीटर स्कीम की बस का बुधवार रात्रि को बड़ा हादसा होने से टल गया। बस में सवार यात्रियों पर ड्राइवर के ऊपर शराब पीने का शक हुआ तो बस को बस स्टैंड से निकलते ही रूकवा लिया। यात्रियों ने बस ड्राइवर को रोक लिया और कंडक्टर से रोडवेज अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद रोडवेज के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, HR 39E 6291 नंबर की किलोमीटर स्कीम की बस ऐलनाबाद से वाया सिरसा होकर चंडीगढ़ के लिए चलती है। यह बस बुधवार शाम करीब साढ़े 7 बजे सिरसा बस स्टैंड पर चंडीगढ से आई थी। यहां से ऐलनाबाद के लिए जा रही थी। बस स्टैंड से निकलने के बाद ड्राइवर बस को ऐलनाबाद के बजाय डबवाली रोड की ओर ले गया। वहां पर बस को टेढ़ी-मेढी चलाने लगा। इस पर सवारियों को शक हो गया, जिससे बस को रूकवा लिया। रोडवेज अधिकारियों ने कुछ देर बाद दूसरे ड्राइवर को बुला लिया और दूसरे ड्राइवर से बस को ऐलनाबाद भिजवाया गया। उस ड्राइवर को दूसरी बस देकर भेजा गया। इस बारे में रोडवेज अधिकारियों ने सख्त संज्ञान लेने के लिए कहा है। अधिकारी बोले, यह किलोमीटर स्कीम की बस थी और चंडीगढ से सिरसा आने के बाद चालक दूसरा था। बस स्टैंड से निकलते ही पकड़ा गया। उस पर एक्शन लिया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.