Rajasthan Weather Update: राजस्थान में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है. रेगिस्तानी और पहाड़ी इलाकों में सर्द हवाओं के असर से जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है. सोमवार को राज्य में लगातार दूसरे दिन पारा माइनस में दर्ज हुआ. नागौर, झुंझुनूं, फलोदी, सीकर के फतेहपुर इतनी भयंकर ठंड पड़ी. बर्तनों में रखा पानी भी जम गया. इसके अलावा जैसलमेर, कोटपूतली- बहरोड़ सहित कई अन्य जिलों में गाड़ियों और फसलों पर ओस की बूंदें जम गई है.
राज्य में
सीकर के फतेहपुर और पलसाना में आज पारा माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा सर्वाधिक अधिकतम तापमान पाली में 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इससे पहले रविवार को फतेहपुर (सीकर) में न्यूनतम तापमान माइनस 2 और नागौर में माइनस 1 डिग्री दर्ज किया गया था. मौसम विभाग के अनुसार, हाड़ कंपाने वाली इस सर्दी का सितम अगले कुछ दिन और जारी रहने की संभावना है. 14 और 15 जनवरी के बाद ही कुछ राहत मिलने की संभावना है. कड़ाके की ठंड के कारण शिक्षा विभाग ने
जयपुर समेत 11 जिलों के स्कूलों में छुट्टियां बढ़ा दी है.
विजिबिलिटी 5 मीटर से भी कम रही
कड़के की सर्दी के साथ-साथ सोमवार को भयंकर कोहरे का भी असर देखा गया. सीकर और नागौर में अलसुबह खेतों में घना कोहरा छाया रहा. श्रीगंगानगर जिले के लालगढ़ जाटान इलाके में सुबह कोहरा के कारण विजिबिलिटी 5 मीटर से भी कम रही. इस कारण लोगों का वाहन चलाना भी मुश्किल हो गया. वही,
जैसलमेर के चांधन इलाके के धायसर क्षेत्र में खेतों में सरसों की फसल पर ओस की बूंदें जम गई थीं. पाला पड़ने के कारण किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं. उदयपुर में भी झीलों पर कोहरा छाया रहा. हिल स्टेशन माउंट आबू में तो गाड़ियों की छतों पर बर्फ जम गई.
मुख्य जिलों का अधिकतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को
अजमेर में 23.3 डिग्री, भीलवाड़ा में 24.1 डिग्री, अलवर में 22.0 डिग्री, जयपुर में 22.4 डिग्री, पिलानी में 19.2 डिग्री, सीकर में 23.5 डिग्री, कोटा में 22.9 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 25.6 डिग्री, बाड़मेर में 26.2 डिग्री, जैसलमेर में 21.6 डिग्री, जालौर में 25.7 डिग्री, जोधपुर में 26.0 डिग्री, माउंट आबू में 19.4 डिग्री, बीकानेर में 22.0 डिग्री, चूरू में 21.5 डिग्री, श्रीगंगानगर में 18.3 डिग्री,
नागौर में 24.3 डिग्री, डूंगरपुर में 25.3 डिग्री, जालौर में 25.7 डिग्री, सिरोही में 23.6 डिग्री, फतेहपुर (सीकर) में 23.5 डिग्री, करौली में 21.6 डिग्री, दौसा में 24.2 डिग्री और झुंझुनूं में 20.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम दर्ज किया गया.
मुख्य जिलों का न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को अजमेर में 7.3 डिग्री, वनस्थली में 5.1 डिग्री, अलवर में 2.6 डिग्री, जयपुर में 7.6 डिग्री, पिलानी में 1.5 डिग्री, सीकर में 2.0 डिग्री,
कोटा में 8.0 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 8.4 डिग्री, बाड़मेर में 6.9 डिग्री, जैसलमेर में 2.5 डिग्री, जालौर में 8.3 डिग्री, जोधपुर में 8.8 डिग्री, माउंट आबू में 4.2 डिग्री, फलोदी में 5.8 डिग्री, बीकानेर में 5.6 डिग्री, चूरू में 1.3 डिग्री, श्री गंगानगर में 3.6 डिग्री, नागौर में 2.4 डिग्री, जालौर में 8.3, सिरोही में 3.9 डिग्री, सीकर के फतेहपुर -0.4 डिग्री,
दौसा में 2.6 डिग्री और झुंझुनूं में 2.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में हाड़ कंपाने वाली सर्दी का असर अभी कुछ दिन और बना रहेगा. ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं और 14 व 15 जनवरी के बाद ही तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है. विभाग ने बताया कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा. अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. वहीं, राज्य के उत्तरी क्षेत्रों में आगामी दो-तीन दिनों के दौरान कहीं-कहीं शीतलहर से अति शीतलहर चलने के साथ घना कोहरा छाए रहने की आशंका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.