Rajasthan Weather Update: राजस्थान के मौसम में बदलाव का दौर जारी है. मंगलवार को सीकर समेत 9 जिलों में ओले गिरे और 13 जिलों में बारिश हुई. भीलवाड़ा और सवाई माधोपुर में तो यह आलम रहा कि देर शाम ओलों की चादर बिछ गई. राज्य में 6 दिन पूर्व भी बारिश और ओलावृष्टि हो चुकी है. भारी बारिश के कारण खेतों में पानी भरने से फसलों को भी नुकसान हुआ है. बारिश और ओले गिरने से राज्य में फिर से कड़ाके की ठंड बढ़ गई है. नए वेदर सिस्टम के एक्टिव होने से मंगलवार को जयपुर, कोटा, सवाई माधोपुर, सीकर, अलवर, हनुमानगढ़, चूरू, कोटा में रुक-रुककर बरसात हुई. साथ ही नीम का थाना (सीकर), रैणी (अलवर), नोहर (हनुमानगढ़) और मंडाना (कोटा), सवाई माधोपुर के टोडरा फलौदी में 5 से 10 मिनट तक ओले भी गिरे.
मौसम विभाग के अनुसार, आंधी-बारिश का दौर रुकने के बाद दो दिन कोहरा रहेगा. इसके बाद 31 जनवरी से 1 फरवरी के बीच एक और नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने से बारिश हो सकती है. मौसम विभाग की डेली डाटा रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में कहीं-कहीं पर हल्की वर्षा और ओलावृष्टि दर्ज की गई. तापमान की बात करें तो राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान डूंगरपुर (AWS) में 28.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान अलवर में 4.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. दर्ज प्रेक्षण के अनुसार राज्य में आर्द्रता की औसत मात्रा 45 से 85 प्रतिशत के मध्य दर्ज की गई.
राजस्थान के मुख्य जिलों का अधिकतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, अजमेर में 24.7 डिग्री, भीलवाड़ा में 25.8 डिग्री, अलवर में 18.0 डिग्री, जयपुर में 21.9 डिग्री, पिलानी में 24.0 डिग्री, सीकर में 23.0 डिग्री, कोटा में 27.3 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 27.6 डिग्री, बाड़मेर में 24.4 डिग्री, जैसलमेर में 20.6 डिग्री, जोधपुर में 25.4 डिग्री, माउंट आबू में 17.2 डिग्री, बीकानेर में 20.4 डिग्री, चूरू में 23.4 डिग्री, श्रीगंगानगर में 18.5 डिग्री, नागौर में 24.4 डिग्री, डूंगरपुर में 28.4 डिग्री, जालौर में 25.0 डिग्री, सिरोही में 18.9 डिग्री, फतेहपुर (सीकर) में 23.1 डिग्री, करौली में 19.1 डिग्री, दौसा में 22.9 डिग्री और झुंझुनूं में 22.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम दर्ज किया गया.
राजस्थान के मुख्य जिलों का न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार,अजमेर में 12.3 डिग्री, भीलवाड़ा में 12.9 डिग्री, अलवर में 4.5 डिग्री, जयपुर में 13.0 डिग्री, पिलानी में 9.2 डिग्री, सीकर में 12.2 डिग्री, कोटा में 13.1 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 12.8 डिग्री, बाड़मेर में 10.8 डिग्री, जैसलमेर में 8.9 डिग्री, जोधपुर में 12.9 डिग्री, माउंट आबू में 11.4 डिग्री, बीकानेर में 10.1 डिग्री, चूरू में 10.1 डिग्री, श्री गंगानगर में 10.9 डिग्री, नागौर में 8.7 डिग्री, डूंगरपुर में 14.0, जालौर में 9.5 डिग्री, सिरोही में 7.9 डिग्री, सीकर के फतेहपुर 9.5 डिग्री, करौली में 9.7 डिग्री, दौसा में 10.3 डिग्री और झुंझुनूं में 10.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
31 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की है संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने प्रदेश के मौसम को लेकर अहम जानकारी देते हुए बताया कि 28 और 29 जनवरी को राजस्थान के कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. इस दौरान उत्तर और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में सर्द हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और ठंड का असर बढ़ेगा. सुबह और रात के समय दृश्यता कम रहने से आमजन और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी. वहीं 31 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में 31 जनवरी और 1 फरवरी को बादल छाए रह सकते हैं. कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना जताई गई है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.