माघ माह के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर जसोल स्थित श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही दूर-दराज से आए भक्त सुव्यवस्थित कतारों में श्री राणीसा भटियाणीसा के दर्शन के लिए खड़े थे। यह क्रम पूरे दिन श्रद्धा और अनुशासन के साथ जारी रहा। संस्थान अध्यक्ष रावल किशन सिंह जसोल ने भक्तों की मनोकामना पूर्ति के संकल्प के साथ हवन में विशेष आहुतियां अर्पित कीं। इस अवसर पर मां जसोल से सुख-समृद्धि, शांति, सामाजिक समरसता और सभी श्रद्धालु परिवारों के कल्याण की कामना की गई। हवन कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। भक्तों ने श्री बायोसा, श्री सवाई सिंह जी, श्री लाल बन्ना सा, श्री खेतलाजी और श्री काला-गौरा भैरूजी के मंदिरों में भी पूजा-अर्चना कर दर्शन लाभ प्राप्त किया। वृद्धजन, महिलाएं, बच्चे, युवा और नवविवाहित जोड़ों ने विशेष भक्तिभाव से दर्शन किए। कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरें देखिए –
सफाई और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संस्थान प्रशासन द्वारा व्यापक एवं बहु-स्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। मंदिर परिसर में सुव्यवस्थित दर्शन पंक्ति संचालन, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, छायादार विश्राम स्थल, बैठने की समुचित सुविधा, नियमित साफ-सफाई, सूचना व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम से अनाउंसमेंट, मार्गदर्शन केंद्र तथा वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं हेतु विशेष सहयोग व्यवस्था की गई। प्रवेश एवं निकास द्वारों पर नियंत्रित प्रबंधन के माध्यम से भीड़ नियंत्रण को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया। महाआरती का लाइव प्रसारण
माघ शुक्ल पक्ष त्रयोदशी के पावन अवसर पर संध्याकालीन महाआरती का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिससे जसोलधाम से दूर निवास कर रहे मां जसोल के असंख्य भक्तगण अपने घरों पर रहकर श्री राणी भटियाणीसा के दिव्य दर्शन एवं आरती का पुण्य लाभ प्राप्त कर सके। लाइव प्रसारण के दौरान मंदिर परिसर जयकारों, शंखनाद एवं भक्ति-संगीत से गुंजायमान हो उठा तथा वातावरण भावनात्मक एवं आध्यात्मिक अनुभूति से परिपूर्ण रहा।
सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की दृष्टि से जिला पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार के निर्देशन में जसोल पुलिस थानाधिकारी शारदा विश्नोई एवं बालोतरा थानाधिकारी हिंगलाज तथा उनकी टीम द्वारा विशेष एवं सराहनीय सहयोग प्रदान किया गया। श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या को ध्यान में रखते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, पार्किंग प्रबंधन, प्रवेश-निकास मार्गों की सतत निगरानी एवं मंदिर परिसर तथा आसपास के संवेदनशील स्थलों पर निरंतर पुलिस गश्त सुनिश्चित की गई, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा प्राप्त हो सकी। लोक संगीत की विशेष प्रस्तुतियां
इसी अवसर पर हड़वा (बाड़मेर) से आए मांगणियार कलाकारों, पुष्कर से आए नगाराची कलाकारों तथा स्थानीय दमामी कलाकारों द्वारा दी गई प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। लोक परंपरा, भक्ति संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से संपूर्ण परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
इसी पावन अवसर पर भोजन प्रसादी (अन्नपूर्णा प्रसादम) सेवा का पुण्य लाभ ग्राम मलवा (गिड़ा) निवासी श्रद्धालु अशोकसिंह, सुपुत्र बलवंतसिंह गोहिल द्वारा प्राप्त किया गया तथा छप्पन भोग सेवा का लाभ ग्राम कोडूका (पाटौदी) निवासी श्रद्धालु लक्ष्मण दान, सुपुत्र मंगल दान चारण द्वारा लिया गया। दोनों लाभार्थी परिवारों द्वारा मां जसोल के पावन दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर श्री राणीसा भटियाणीसा, श्री बायोसा, श्री सवाई सिंह जी, श्री लाल बन्ना सा, श्री खेतलाजी एवं श्री काला-गौरा भैरूजी के मंदिरों में श्रद्धापूर्वक भोग अर्पण किया गया।
इसी अवसर पर लाभार्थी परिवारों द्वारा परंपरानुसार कन्या पूजन का आयोजन भी किया गया, जिसमें कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें श्रद्धा एवं सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया तथा उपहार प्रदान किए गए। इस अवसर पर धार्मिक भावनाओं के साथ सामाजिक संस्कारों का सुंदर संदेश भी प्रसारित हुआ। भोग अर्पण के उपरांत दर्शन हेतु पधारे श्रद्धालुओं के मध्य श्रद्धा, सेवा एवं धर्मभाव के साथ अन्नपूर्णा प्रसाद एवं छप्पन भोग का सुव्यवस्थित वितरण किया गया, जिससे सभी श्रद्धालुओं को सरलता एवं सम्मानपूर्वक प्रसाद प्राप्त हुआ।
माघ शुक्ल पक्ष त्रयोदशी के अवसर पर इसी रिवर फ्रंट पार्किंग परिसर में संस्थान द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा हेतु निःशुल्क भोजनशाला का संचालन भी किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल की ओर से माघ शुक्ल पक्ष त्रयोदशी के पावन अवसर पर आयोजित इस सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित दर्शन, पूजन एवं सेवा आयोजन हेतु समस्त श्रद्धालुओं, लाभार्थी परिवारों, सेवाभावी कार्यकर्ताओं, मंदिर कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों एवं पुलिस प्रशासन के प्रति संस्थान समिति सदस्य एवं प्रवक्ता कुंवर हरिश्चंद्र सिंह जसोल की ओर से आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.