जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह तड़के शिमला और मनाली शहर में लोगों की बर्फबारी की आस पूरी हुई है. सुबह चार बजे के करीब प्रदेश में मौसम ने करवट ली और फिर बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हुआ. नारकंडा में भी बर्फबारी देखने को मिली है. मंडी, बिलासपुर समेत कई जिलों में तूफान चल रहा है और बीच बीच में बारिश भी हो रही है. हालांकि, सिरमौर के पावंटा साहिब में मौसम साफ है. गौरतलब है कि शिमला के कुफरी, ठियोग और नारकंडा में बर्फ गिरने से बागवान और किसान काफी खुश हैं. वहीं टूरिज्म सेक्टर से जुड़े लोग भी काफी खुश हैं क्योंकि अब सैलानियों की संख्या में इजाफा होगा.
बताया जा रहा है कि चंबा के चुराह और पांगी में भी बर्फबारी हो रही है. इसके अलावा, लाहौल स्पीति में बर्फबारी से बागवानों का संकट खत्म हो जाएगा. सेब और अन्य फसलों के लिए चिलिंग ऑवर्स बढ़ेंगे. साथ ही पानी के सोर्स भी सूखने से बच जाएंगे.
शिमला और मनाली का इंतजार खत्म
बर्फबारी की वजह से सबसे अधिक खुशी की लहर शिमला औऱ मनाली में है. यहां पर इस सर्दी के सीजन में पहली बार हल्का स्नोफॉल हुआ है. मनाली के मॉल रोड पर भी बर्फ गिरी है. यहां पर बर्फबारी का मजा लेने के लिए सैलानी सुबह सुबह ही मॉल रोड पहुंच गए हैं. वहीं, शिमला शहर भी बर्फ से सफेद हुआ है. उधर, बारिश औऱ बर्फबारी के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है. क्योंकि लंबे समय से मौसम बदलने का इंतजार हो रहा था. उधर, बारिश औऱ बर्फबारी की वजह से शिमला, मनाली समेत प्रदेश के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई है.
शिमला के नारकंडा में बर्फबारी.
चौपाल में रोड बंद
शिमला के चौपाल में भी बर्फबारी की वजह से चौपाल देहा मार्ग बंद हो गया है. शिमला प्रशासन ने इस मार्ग पर लोगों से आवाजाही ना करने की अपील की है. प्रशासन ने बताया कि चौपाल सब डिवीजन में बत्ती भी गुल है. हालांकि, पानी की सप्लाई सुचारू रूप से चल रही है. शिमला के रामपुर, तकलेच, ननखड़ी औऱ रामपुर में भी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर रही है. मनाली से कांग्रेस विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने बताया कि लेफ्ट बैंक के सभी महिला मंडलो को सूचित किया जाता है कि बर्फबारी होने के कारण 23 जनवरी को विंटर कार्निवल की महानाटी स्थगित की जाती है और आगे की तिथि आपको जल्द ही बता दी जाएगी.

23 जनवरी की सुबह चंबा, कुल्लू, लाहौल और स्पीति के कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी के कई दौर होंगे, साथ ही एक या दो बार मध्यम/तेज बर्फबारी होने की भी बहुत संभावना है.
शिमला जिले में देर रात से शुरू हुई बर्फबारी का सिलसिला सुबह तक जारी रहा, जिससे कुफरी, नारकंडा, फागू, ठियोग और रोहड़ू जैसे इलाकों में सुंदर नजारे देखने को मिले. पहली बर्फबारी होते ही स्थानीय लोगों ने घरों की छतों और सड़कों पर गिरती बर्फ का आनंद लिया. बच्चे बर्फ से खेलते नजर आए, वहीं युवाओं ने इस पल को कैमरों और मोबाइल फोन में कैद किया. सुबह होते ही पहाड़ों और देवदार के जंगलों पर जमी बर्फ ने शिमला की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए. उधर, यह बर्फबारी सेब सहित अन्य फल फसलों के लिए बेहद शुभ मानी जा रही है. बागवानों का कहना है कि समय पर हुई बर्फबारी से जमीन में नमी बढ़ेगी, कीटों का प्रकोप कम होगा और आगामी सीजन में फसल अच्छी रहने की उम्मीद जगी है. किसानों के लिए भी यह बर्फबारी किसी वरदान से कम नहीं, क्योंकि इससे रबी फसलों को प्राकृतिक सिंचाई मिलेगी.

शिमला के संजौली में बर्फबारी.
आज पूरा दिन बारिश औऱ बर्फबारी
मौसम विभाग के शिमला केंद्र ने बताया कि प्रदेश में शुक्रवार को पूरा दिन बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा. 24 जनवरी की सुबह तक प्रदेश में सूखा मिट जाएगा. हालांकि, 26 जनवरी को फिर से बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.