Himachal 1500 Rupees Scheme: इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि योजना में हिमाचल की महिलाओं को 1500 रुपये देने का वादा अधर में है, सीएम सुक्खू ने सुलह में नई घोषणाएं और कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार की बात कही.
सीएम सुक्खू ने कहा कि जिन महिलाओं की सालाना इनकम दो लाख रुपये से कम होगी, उन्हें 1500-1500 रुपये दिए जाएंगे. इससे पहले, सीएम ने विंटर कार्निवाल में भी मनाली विधानसभा की महिलाओं को 1500-1500 रुपये देने का ऐलान किया था.
हालांकि, इस दौरान जब सीएम ने महिलाओं से पूछा था कि किसे-किसे 1500-1500 रुपये चाहिए तो कुछ ही महिलाओं ने हाथ खड़े किए थे और सीएम ने हंसते हुए कहा था कि आपको पैसे नहीं चाहिए क्या. सीएम ने महिलाओं को फार्म भरने की सलाह दी थी.
चुनावी गारंटी अधर में
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने चुनावों में प्रदेश की 18 से 59 साल की सभी महिलाओं को 1500-1500 रुपये देने का वादा किया था. हालांकि, यह वादा अधर में है. इस योजना के लिए 8 लाख महिलाओं ने आवेदन किया था. लेकिन तीन साल में महज 35 हजार महिलाओं को ही इस योजना की तीन किश्ते एकमुश्त मिली हैं.
सुलह विधानसभा क्षेत्र के लिए घोषणाएं
सीएम ने सुलह विधानसभा क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड का डिवीजन खोलने और भवारना को नगर पंचायत बनाने की भी घोषणा की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कांगड़ा जिला के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है. कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार किया जा रहा है तथा लोगों को जमीन का अच्छा मुआवजा दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार से पूरे क्षेत्र में आर्थिक समृद्धि आएगी और यहां पर्यटन गतिविधियां बढें़गी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को छोटी नौकरी के लिए दिल्ली, चंडीगढ़ जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उनकी यहीं पर बेहतर आय होगी.
सुलह में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी क्षेत्र में भी युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कर रही है. उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना शुरू होने के बाद हिमाचल प्रदेश के युवाओं का सेना से मोहभंग हो रहा है. राज्य सरकार 800 पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती में अग्निवीरों को भी भर्ती करेगी. उन्होंने 58 वर्ष तक नौकरी के साथ-साथ ओपीएस भी दी जाएगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.