शेखपुरा में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर शनिवार को भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा के तहत व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया गया। जिलाधिकारी शेखर आनंद के नेतृत्व में उप विकास आयुक्त संजय कुमार, अपर समाहर्ता लखींद्र पासवान और सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने विशेष प्रचार वाहनों और नुक्कड़ नाटक दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये दल जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में जाकर लोगों को भूकंप के दौरान सुरक्षित रहने के प्रति जागरूक करेंगे। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें भूकंप के समय घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेने का संदेश दिया गया। नाटक में ‘झुको, ढको और पकड़ो’ तकनीक का जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिसकी उपस्थित जनसमूह ने सराहना की। सुरक्षा पखवाड़ा से जुड़ी तस्वीरें.. कंपन रुकने तक उसे पकड़ कर रखें
लोगों को बताया गया कि घर के अंदर होने पर किसी मजबूत मेज या फर्नीचर के नीचे छिप जाएं और कंपन रुकने तक उसे पकड़ कर रखें। घर के बाहर होने पर ऊंची इमारतों, बिजली के खंभों और पेड़ों से दूर किसी खुले स्थान पर चले जाएं। वाहन चलाते समय गाड़ी को तुरंत सुरक्षित स्थान पर रोककर अंदर ही रहने की सलाह दी गई। भूकंप के दौरान लिफ्ट के बजाय सीढ़ियों का उपयोग करने को कहा गया। इमरजेंसी किट तैयार रखने का सुझाव
भूकंप से होने वाली आपदा से बचाव के लिए प्रत्येक घर में एक इमरजेंसी किट तैयार रखने का सुझाव दिया गया, जिसमें टॉर्च, रेडियो, पानी और प्राथमिक चिकित्सा का सामान शामिल हो। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि आपदा को रोका नहीं जा सकता, लेकिन बेहतर तैयारी और जागरूकता से जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाले मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.