पंजाब में सर्दी का सितम जारी है। सोमवार को घना कोहरा व पाला पड़ने से बठिंडा का न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री तक पहुंच गया। बठिंडा सबसे ठंडा शहर रहा। कड़ाके की शीतलहर के चलते तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री नीचे रहा। अमृतसर में न्यूनतम पारा 1.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
अमृतसर में दृश्यता शून्य, एसबीएस नगर में 10 मीटर, बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में 50 मीटर से कम और पटियाला में 100 मीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज रेड अलर्ट जारी किया है। अगले पांच-छह दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शहर- न्यूनतम- अधिकतम
बठिंडा: 0.6- 15.5
अमृतसर: 1.1- 13.9
लुधियाना: 4.2- 11.9
पटियाला: 4.3- 13.2
अमृतसर एयरपोर्ट पर उड़ानों में देरी
श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मौसम और परिचालन के कारण उड़ानों में देरी रही। अधिकतर प्रस्थान उड़ानों में औसतन एक घंटे, जबकि आगमन उड़ानों में 30 मिनट से दो घंटे तक की देरी हुई। स्पाइसजेट की एसजी 56 (दुबई-अमृतसर) फ्लाइट भी निर्धारित समय से लगभग 44 मिनट बाद प्रस्थान हुई। अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे फ्लाइट स्टेटस नियमित रूप से एयरलाइन वेबसाइट या डिस्प्ले बोर्ड से जांचते रहें। पंजाब में बढ़ती ठंड, घना कोहरा और उड़ानों की देरी से आम लोगों को कई जगहों पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि मौसम विभाग ने अतिरिक्त सतर्कता बरतने और आवश्यक बचाव उपाय अपनाने की सलाह दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.