कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए तरनतारन के विधानसभा क्षेत्र खेमकरण से आम आदमी पार्टी के विधायक सरवण सिंह धुन्न के करीबी माने जाने वाले सरपंच झरमल सिंह वल्टोहा की रविवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात अमृतसर के एक मैरिज पैलेस में शादी समारोह के दौरान हुई जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झरमल सिंह वल्टोहा अमृतसर स्थित एक पैलेस में एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह के दौरान दो अज्ञात युवक अचानक अंदर दाखिल हुए और सीधे सरपंच को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर भागने में कामयाब रहे।
घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं और मैरिज पैलेस को घेरकर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या को पूरी तरह पूर्व नियोजित माना जा रहा है।