एक साथ बनेगा 2 एक्सप्रेस-वे
समस्तीपुर जिले से होकर रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे और पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे गुजरेंगे. रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे का करीब 57 किलोमीटर लंबा हिस्सा जिले से होकर जाएगा, जबकि पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे का लगभग 62 किलोमीटर सेक्शन समस्तीपुर की धरती से गुजरेगा. इन दोनों परियोजनाओं की तैयारी पूरी कर ली गई है. जिला भू-अर्जन विभाग द्वारा सर्वे और एलाइनमेंट का काम पूरा हो चुका है. जल्द ही इसका गजट प्रकाशित होने की संभावना है. इसके बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे निर्माण कार्य को गति मिलेगी.
गांव-गांव तक पहुंचेगा एक्सप्रेस विकास
रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे समस्तीपुर के कल्याणपुर, वारिसनगर, खानपुर, उजियारपुर और विभूतिपुर प्रखंडों से होकर गुजरेगा. यह सड़क दरभंगा की सीमा से प्रवेश कर दर्जनों गांवों को जोड़ते हुए बेगूसराय जिले में प्रवेश करेगी. वहीं, पटना–पूर्णिया एक्सप्रेस-वे वैशाली जिले की सीमा से मोरवा प्रखंड में प्रवेश करेगा और सरायरंजन, उजियारपुर, विभूतिपुर, रोसड़ा, सिंघिया और हसनपुर जैसे प्रखंडों के सैकड़ों एकड़ क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेगा. एक्सप्रेस-वे से जुड़ने वाले ग्रामीण इलाकों में जमीन की कीमत बढ़ने के साथ-साथ उद्योग, वेयरहाउस, लॉजिस्टिक्स और छोटे व्यापार के नए अवसर खुलने की पूरी संभावना है.
रोजगार को मिलेगी नई राह
इन दोनों मेगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण से समस्तीपुर जिले में आवागमन तो सुगम होगा ही, साथ ही रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा. स्थानीय युवाओं के लिए निर्माण कार्य से लेकर भविष्य में उद्योगों के जरिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे. जिला भू-अर्जन पदाधिकारी प्रवीण कुमार के अनुसार, प्रभावित लोगों से आपत्तियां लेने के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. कुल मिलाकर, यह परियोजनाएं समस्तीपुर को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ-साथ उसे राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय विकास मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने का काम करेगी. समस्तीपुर अब विकास की राह पर तेज कदमों से आगे बढ़ने को तैयार है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.