रोहतास सब्जी प्रदर्शनी: प्रदर्शनी में उन्नत खेती से तैयार विशालकाय सब्जियों ने सबको आकर्षित किया. 12 किलो की मूली, 5 फुट लंबी लौकी और 20 किलो का कोहड़ा देखने वालों को हैरान कर गया. सड़क किनारे लगे अस्थायी स्टालों पर लोग खरीदारी करते और सब्जियों को करीब से देखकर उनकी खूबियों को जानते रहे.
रोहतास जिले के आदर्श कुशवाहा सब्जी बाजार समिति भारतीगंज-करपुरवा में सब्जी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. प्रदर्शनी में स्थानीय किसानों द्वारा उन्नत और वैज्ञानिक तरीके से उगाई गई सब्जियों, फलों और फूलों को प्रदर्शित किया गया. दूर-दराज से आए लोग प्रदर्शनी देखने पहुंचे और किसानों की मेहनत को सराहा.

प्रदर्शनी में करीब पांच फीट लंबी लौकी लोगों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा में रही. सामान्य लौकी से कई गुना बड़ी इस लौकी को देखकर लोग हैरान रह गए. किसानों ने बताया कि वैज्ञानिक खेती और संतुलित पोषण प्रबंधन से इस तरह की सब्जियों का उत्पादन संभव हो पा रहा है.

सब्जी प्रदर्शनी में 20 किलो वजन का कोहड़ा भी प्रदर्शित किया गया. इतना बड़ा और भारी कोहड़ा आमतौर पर बाजार में देखने को नहीं मिलता. लोग इसे देखने के लिए रुकते रहे और किसानों से इसकी खेती को लेकर जानकारी लेते नजर आए.
Add News18 as
Preferred Source on Google

नौगाईं गांव के किसान ददन सिंह द्वारा उत्पादित 12 किलो की मूली पूरे दिन आकर्षण का केंद्र बनी रही. बाजार समिति के कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि यह मूली प्रदर्शनी की सबसे चर्चित सब्जियों में शामिल रही, जिसे देखने के लिए लोग खास तौर पर पहुंचते रहे.

प्रदर्शनी स्थल के आसपास सड़क किनारे छोटे-छोटे अस्थायी दुकानदारों ने सब्जियों के स्टाल लगाए, जहां ग्रामीण और शहरी इलाकों से आए लोग खरीदारी करते नजर आए. मेले के माहौल में लोगों ने उन्नत खेती से तैयार सब्जियों को न सिर्फ करीब से देखा, बल्कि उनकी खूबियों के बारे में भी जानकारी ली.

प्रदर्शनी के साथ लगे मेले में भारत की राष्ट्रीय मिठाई जलेबी का भी अलग ही आकर्षण देखने को मिला. कई लोग सब्जियां खरीदने के बाद गरमागरम जलेबी का लुत्फ उठाते नजर आए, जिससे पूरा इलाका मेले जैसा गुलजार दिखा.

सब्जियों के साथ-साथ प्रदर्शनी में अमरूद, केला, पपीता, नींबू और गेंदा, गुलाब, गुलदाउदी जैसे फूलों के स्टाल भी लगाए गए थे. आयोजकों के अनुसार कुल 40 प्रकार की सब्जी, फल और फूलों के स्टाल लगाए गए. बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शनी देखने पहुंचे.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.