रोहतक में 29 कुत्तों के शव मिलने के बाद जांच करती डॉक्टरों व नगर निगम की टीम।
रोहतक में सुनारिया रोड पर 29 कुत्तों के शव पड़े मिले थे, जिनके शरीर पर नसबंदी की सर्जरी करने के ताजा निशान मिले। पशु कल्याण संगठन एसएएस इंडिया के स्वयंसेवक अरविंद की शिकायत पर शिवाजी कॉलोनी थाना में नैन फाउंडेशन व नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज
पशु कल्याण संगठन एसएएस इंडिया के स्वयंसेवक अरविंद ने आरोप लगाया कि बेसहारा कुत्तों की नसबंदी का ठेका नगर निगम की तरफ से नैन फाउंडेशन को दे रखा है। नैन फाउंडेशन ने 29 कुत्तों की नसबंदी के लिए सर्जरी की, जिनकी मौत हो गई। कुत्तों के शरीर पर ताजा सर्जरी के निशान भी मिले।
अरविंद ने नैन फाउंडेशन पर सामूहिक रूप से 29 कुत्तों की हत्या करने का आरोप लगाया और नैन फाउंडेशन व नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। साथ ही सबूतों को नष्ट करने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सुनारिया जेल रोड पर पड़े कुत्तों के शवों की जांच करते हुए एनजीओ के सदस्य।
5 किलोमीटर दूर पशु जन्म नियंत्रण केंद्र अरविंद ने कहा कि जिस स्थान पर कुत्तों के शव को डंप किया गया, उससे करीब 5 किलोमीटर दूर नैन फाउंडेशन का पशु जन्म नियंत्रण केंद्र है। मृत मिले कुत्तों के शरीर पर ताजा नसबंदी के निशान है। इससे साफ है कि कुत्तों की सर्जरी के तुरंत बाद मृत्यु हो गई, जो डॉक्टरों की लापरवाही को उजागर कर रहा है। कुत्तों के शवों का पोस्टमॉर्टम होना चाहिए।
शवों को दफनाने की बजाय खुले में फेंका अरविंद ने बताया कि बायोमेडिकल अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 का पूर्ण रूप से उल्लंघन किया गया है। कुत्तों के शवों को अवैध रूप से खुले में फेंका गया, जिससे सार्वजनिक स्वास्थ्य को गंभीर खतरा पैदा हुआ और यह स्पष्ट रूप से सबूत नष्ट करने व जवाबदेही से बचने के इरादे का संकेत देता है।
गैरकानूनी नसबंदी करने का लगाया आरोप अरविंद ने नैन फाउंडेशन पर असुरक्षित, लापरवाही पूर्ण व गैर कानूनी नसबंदी करने का आरोप लगाया। अरविंद ने कहा कि नैन फाउंडेशन की कार्यशैली के कारण पहले भी कई स्थानों पर टेंडर रद्द किए गए है। कुत्तों के शवों व सर्जिकल कचरे का अवैध रूप से निपटान करने का प्रयास किया, क्योंकि शवों के पास ही सर्जरी का सामान भी मिला है।

कुत्तों के शव मिलने के बाद आसपास जांच करते एनजीओ के सदस्य।
पशु जन्म नियंत्रण केंद्र का रिकॉर्ड किया जाए सील स्वयंसेवक अरविंद ने कहा कि कुत्तों की सामूहिक हत्या करके शवों को फेंकने के मामले में केस दर्ज करके पुलिस को केंद्र का रिकॉर्ड सील करना चाहिए। साथ ही सबूतों से छेड़छाड़ या विनाश को रोकने के लिए पिछले 48-72 घंटों के एबीसी केंद्र और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज को जब्त करके सुरक्षित रखना चाहिए।
3 महीने से निगम को कर रहे शिकायत अरविंद ने बताया कि पिछले 3 महीने से नगर निगम को शिकायत कर रहे है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। निगम ने दो बार नोटिस जरूर नैन फाउंडेशन को भेजा है, लेकिन कार्रवाई नहीं की। इसी का परिणाम है कि 29 कुत्तों की सामूहिक हत्या की गई है।
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की शिवाजी कॉलोनी थाना एसएचओ राकेश सैनी ने बताया कि उन्हें कुत्तों के शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और डॉक्टरों की टीम को बुलाया। पुलिस ने मामले में स्वयंसेवक अरविंद की शिकायत पर नैन फाउंडेशन व नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.