Rishikesh News : एम्स ऋषिकेश में भर्ती कुख्यात अपराधी विनय त्यागी की उपचार के दौरान आज, घटना के तीसरे दिन, मौत हो गई. उसे गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां उसका इलाज चल रहा था. गौरतलब है कि पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट में पेशी के लिए ले जाते समय बदमाशों ने पुलिस के वाहन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी. इस हमले में विनय त्यागी के सीने, हाथ और गले में गोली लगी थी.
आपको बता दें कि मेरठ निवासी कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की धोखाधड़ी के एक मामले में लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी थी. उसे कारागार से चालक सहित छह पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में सरकारी टाटा सूमो वाहन से लक्सर लाया जा रहा था. जब पुलिस वाहन फ्लाईओवर के बीच पहुंचा, तभी जाम लगने के कारण आगे वाहन होने से उसे रोकना पड़ा. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे दो बाइकों पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने पुलिस वाहन पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी में विनय त्यागी को तीन गोलियां लगीं और वह वाहन के अंदर ही गिर पड़ा, जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए. हालांकि दो पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं. घटना के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए भीड़ के बीच फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल विनय त्यागी को तत्काल लक्सर सीएचसी ले जाया गया. फिर एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया था.
इस कारण हुई हत्या
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी सन्नी और विनय त्यागी के बीच पैसों के लेनदेन का विवाद है. सन्नी के रकम मांगने पर विनय त्यागी उसकी हत्या करवाने की धमकी दे रहा था. इसी बात से भड़के सन्नी ने विनय की हत्या की साजिश रची थी. वह लगातार विनय त्यागी की गतिविधियों पर नजर रख रहे हुए थे. विनय त्यागी के रुड़की कारागार में शिफ्ट होने के दौरान ही उन्हें उसके लक्सर में पेशी पर आने की जानकारी मिली थी. उन्होंने लक्सर-रुड़की मार्ग पर रेकी करने के बाद बुधवार को वारदात को अंजाम दिया.
About the Author

Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.