बनाएं मटर मशरूम मसाला
मशरूम की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे कई तरह से बनाया जा सकता है. कोई इसे सब्जी के रूप में पसंद करता है, तो कोई सूप या स्नैक्स के तौर पर. ठंड के मौसम में अगर आप कुछ स्वादिष्ट और पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो मटर मशरूम मसाला एक शानदार रेसिपी है. यह स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ बनाने में भी काफी आसान है.
इस स्वादिष्ट सब्जी को बनाने के लिए कुछ सामग्री की जरूरत होती है, जैसे बटन मशरूम, हरी मटर, प्याज, लहसुन, अदरक, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, नमक, सरसों का तेल और थोड़ा सा पानी.
ऐसे बनता है मटर मशरूम
गृहिणी मनीषा सिंह बताती हैं कि सबसे पहले मशरूम को अच्छे से धोकर हल्का सा सुखा लें और मनचाहे आकार में काट लें. मटर को भी धोकर अलग रख दें. अब एक कड़ाही लें और उसमें सरसों का तेल डालकर अच्छे से गर्म करें. तेल गर्म हो जाने पर उसमें बारीक कटे प्याज डालें और मध्यम आंच पर 4 से 5 मिनट तक भूनें, जब तक प्याज हल्के सुनहरे रंग के न हो जाएं.
मसालों को पानी में मिलाकर डालें
इसके बाद कड़ाही में पिसा हुआ अदरक और लहसुन डालें और धीमी आंच पर करीब 8 से 10 मिनट तक भूनें, ताकि कच्चापन खत्म हो जाए. अब सभी सूखे मसाले डालें. चाहें तो मसालों को पहले एक कटोरी में थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट बना सकते हैं, इससे मसाला अच्छे से पकता है और स्वाद भी बढ़ जाता है. मसाले डालने के बाद 5 मिनट तक भूनें.
आखिर में डालें मशरूम
अब इसमें हरी मटर डालें और 5 मिनट तक मसालों के साथ भूनें. अंत में कटे हुए मशरूम डालें और सब्जी को अच्छी तरह चलाते हुए 15 से 20 मिनट तक पकाएं. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डाल सकते हैं. कुछ ही समय में आपकी रेस्टोरेंट स्टाइल मटर मशरूम मसाला तैयार हो जाएगी. इसे गरमा-गरम रोटी, पराठा या चावल के साथ परोसें और ठंड के मौसम में स्वाद और सेहत दोनों का आनंद लें.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.