सबसे पहले तैयार करें पुआ
इसके लिए सबसे पहले आपको पुआ तैयार करना होगा. कुकिंग एक्सपर्ट शालिनी बताती हैं कि पुआ तैयार करने के लिए सबसे पहले आपको 50 प्रतिशत आटा, 25 प्रतिशत मैदा और 25 प्रतिशत सूजी लेना होगा. इन तीनों को करीब 1 केजी दूध में अच्छे से मिला दें. दूध अगर घर का बढ़िया और गाढ़ा हो तो और भी अच्छा है. दूध पानी वाला नहीं होना चाहिए.
कुल मात्रा की 35 प्रतिशत चीनी डालें
इन सभी चीजों को अच्छे से मिलाते रहना है. इसके बाद जितनी पूरी सामग्री की मात्रा ली है, उसका करीब 35 प्रतिशत चीनी डाल दें. चीनी डालने के बाद हाथ से अच्छे से मिलाते रहें. इसे मिलाने का तरीका यही है कि एक ही दिशा में कम से कम 15 से 20 मिनट तक लगातार मिलाते रहें, रुकना नहीं है. यह थोड़ा मेहनत वाला काम है, लेकिन पुआ इतना फूला हुआ बनेगा कि लोग कंफ्यूज हो जाएंगे कि अंदर कुछ भरा हुआ तो नहीं है.
आधे घंटे के लिए छोड़ दें बैटर
जब अच्छी तरह से यह मिक्स हो जाए, इसके बाद इसे रेस्ट करने के लिए आधा घंटा छोड़ दें. फिर गैस पर कढ़ाही चढ़ा लें. तेल गर्म होने पर एक-एक पुआ डाल दें. इस तरीके से पुआ बनाकर तैयार किया जा सकता है. एक बात का ध्यान रखना है कि जब आप पुआ बना रहे हों, उसी समय बगल में गैस पर एक कढ़ाही और चढ़ा दें और उसमें करीब एक से डेढ़ लीटर दूध डालें. उसमें थोड़ा सा इलायची पाउडर और थोड़ा सा केसर डालें और स्वाद के अनुसार चीनी डाल दें.
दोनों काम होंगे साथ-साथ
इसके बाद दूध को भी लगातार चलाते रहना है. हालांकि पुआ को बहुत ज्यादा चलाने की जरूरत नहीं होती है, बस थोड़ी-थोड़ी देर में पलटना होता है. ऐसे में आपको साथ-साथ दूध चलाने का भी समय मिल जाएगा. इस तरह दोनों चीजें एक साथ बनती रहेंगी. जब दूध एकदम गाढ़ा होकर रबड़ी की तरह दिखने लगे, तभी गैस बंद कर दें.
ऊपर से करें ड्राई फ्रूट्स की गार्निशिंग
अब तैयार पुआ लीजिए. चाहें तो उस पर सिल्वर फॉयल भी लगा सकते हैं. ऊपर से काजू, पिस्ता और बादाम डाल दें. फिर जो रबड़ी आपने बनाई है, उसे या तो कटोरी में अलग से सर्व कर सकते हैं या फिर पुआ के ऊपर डालकर भी परोस सकते हैं. यह खाने वाले पर निर्भर करता है कि वह किस तरीके से खाना पसंद करता है. दोनों ही तरीकों में इसका स्वाद एकदम शाही व्यंजन जैसा और बेहद स्वादिष्ट लगता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.