Til Khoya Laddu Recipe: मकर संक्रांति पर खासतौर से बनने वाले तिल के लड्डू, लोग बिना त्योहार भी पूरी ठंड खाते हैं. इसी क्रम में खोया, तिल से बनने वाले लड्डू भी बहुत स्वादिष्ट लगते हैं और खासकर बच्चों को खूब पसंद आते हैं. जानते हैं आप घर पर कैसे ये लड्डू बना सकते हैं.
ठंड के दिनों में तिल खाने के अपने ही फायदे हैं और यह स्वाद में भी कमाल होता है. मकर संक्रांति पर तो खासतौर पर तिल गुड़ और कई जगहों पर तिल, गुड़ और खोये के लड्डू बनते हैं. हालांकि त्योहार के अलावा भी ठंड भर इनका सेवन लाभदायक होता है. ऐसे में आज हम जानते हैं तिल और खोये से बनने वाले लड्डुओं की खास रेसिपी.

तिल-खोवा लड्डू बनाने के लिए सफेद तिल, खोवा (मावा), गुड़, देसी घी और इलायची पाउडर की जरूरत होती है. सबसे पहले तिल को अच्छे से साफ कर लें ताकि उसमें कोई कंकड़ या अशुद्धि न रहे. इसके बाद तिल को हल्की आंच पर सूखी कढ़ाही में लगातार चलाते हुए सुनहरा होने तक भूनें. भुने हुए तिल से हल्की खुशबू आने लगे और वे चटकने लगें, तो समझिए तिल तैयार हैं. इन्हें ठंडा होने के लिए अलग रख दें.

अब एक भारी तले की कढ़ाही में थोड़ा सा देसी घी डालें और उसमें खोवा डालकर धीमी आंच पर भूनें. खोवा को लगातार चलाते रहें ताकि वह जले नहीं. जब खोवा हल्का सुनहरा हो जाए और घी छोड़ने लगे, तब गैस बंद कर दें. दूसरी तरफ गुड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और कढ़ाही में बहुत धीमी आंच पर पिघलाएं. गुड़ पूरी तरह पिघल जाए लेकिन उबाल न आए, इसका खास ध्यान रखें.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अब पिघले हुए गुड़ में भुना हुआ खोवा डालें और अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद भुने हुए तिल और इलायची पाउडर डालकर मिश्रण को एकसार कर लें. मिश्रण इतना गर्म होना चाहिए कि लड्डू बांधते समय हाथों से आसानी से आकार लिया जा सके. अगर मिश्रण सूखा लगे तो एक-दो चम्मच घी और मिला सकते हैं. हाथ जले नहीं इस बात का ख्याल रखें पर मिक्सचर बहुत ठंडा भी ना हो वरना लड्डू नहीं बनेंगे.

अब हाथों पर थोड़ा घी लगाकर मिश्रण से मध्यम आकार के गोल-गोल लड्डू बना लें. सभी लड्डू तैयार करने के बाद उन्हें थाली में सजा लें और पूरी तरह ठंडा होने दें. मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर बने ये तिल-खोवा लड्डू न सिर्फ भगवान को भोग लगाने के लिए उत्तम होते हैं, बल्कि परिवार और मेहमानों को खिलाने के लिए भी आदर्श हैं. स्वाद, परंपरा और सेहत से भरपूर ये लड्डू पर्व की मिठास को दोगुना कर देते हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.