रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर फरार चल रहे साहेब अंसारी ने आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह डोरंडा के मणिटोला इलाके में साहेब अंसारी का शव उसके घर के पास स्थित एक कमरे से मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही हटिया डीएसपी पीके मिश्रा के नेतृत्व में डोरंडा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। चार दिन पहले की थी पत्नी की हत्या गौरतलब है कि 24 जनवरी को मणिटोला निवासी तरन्नुम उर्फ रानी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसका पति साहेब अंसारी ही था। पुलिस जांच में सामने आया था कि तीन बच्चों का पिता साहेब अंसारी का किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध था। जिसका उसकी पत्नी लगातार विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर 24 जनवरी को पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में साहेब ने पत्नी पर गोली चला दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही साहेब अंसारी फरार था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। बच्चों की गवाही से खुला था राज पत्नी की हत्या के बाद साहेब अंसारी ने मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश भी की थी। उसने अवैध पिस्तौल को मृतका के हाथ की उंगली में फंसा दिया था, ताकि पुलिस जांच को गुमराह किया जा सके। लेकिन उसकी यह चाल ज्यादा देर नहीं चल सकी। घटना के वक्त घर में मौजूद बच्चों ने अपनी मां को गोली लगते हुए देखा था। उन्होंने पुलिस के सामने पूरी सच्चाई बयां कर दी थी। बच्चों की गवाही के बाद साहेब अंसारी आरोपी साबित हुआ और तभी से फरार था। अब उसका शव मिलने के बाद पुलिस आत्महत्या और हत्या के बाद के घटनाक्रम को जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.