Jharkhand BJP State President: झारखंड बीजेपी को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है. सूत्रों के अनुसार इस बार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सहमति से सिंगल नामांकन की रणनीति अपनाई जाएगी. ऐसे में 14 जनवरी तक प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी.
प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर नवनियुक्त राज्य निर्वाचन अधिकारी और केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव सोमवार को रांची पहुंचेंगे. उनकी मौजूदगी में पूरी चुनावी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी. पार्टी सूत्रों का कहना है कि यदि एक से अधिक नामांकन दाखिल होते हैं तो चुनाव कराया जाएगा, लेकिन सिंगल नामांकन की स्थिति में बिना मतदान के ही अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी.
आदित्य साहू का नाम सबसे आगे
पार्टी के भीतर संकेत मिल रहे हैं कि कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सिंगल नामांकन दाखिल कर सकते हैं. ऐसे में उनका प्रदेश अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है. बीजेपी ने आदित्य साहू को पहले ही कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर यह संदेश दिया था कि संगठन में एक सामान्य कार्यकर्ता भी शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच सकता है. जिला स्तर से राजनीति की शुरुआत करने वाले आदित्य साहू ने संगठन में लगातार काम करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है. बाद में पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा, जिससे उनकी भूमिका और मजबूत हुई.
अन्य नामों पर भी चर्चा
हालांकि प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं. इनमें पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और नेता प्रदीप वर्मा का नाम शामिल है. रघुवर दास हाल ही में राज्यपाल का पद छोड़कर सक्रिय राजनीति में लौटे हैं, जिससे उनके नाम की चर्चा फिर तेज हुई है. सामाजिक समीकरणों की बात करें तो आदित्य साहू और रघुवर दास ओबीसी वर्ग से आते हैं, जबकि अर्जुन मुंडा आदिवासी समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं.
14 तारीख को हो सकता है नाम का ऐलान
पार्टी सूत्रों के अनुसार, शीर्ष नेतृत्व की कोशिश है कि संगठन में एकजुटता बनाए रखते हुए बिना किसी टकराव के नए प्रदेश अध्यक्ष का चयन किया जाए. ऐसे में सहमति से सिंगल नामांकन की संभावना सबसे ज्यादा जताई जा रही है. अगर सबकुछ तय रणनीति के मुताबिक रहा तो 14 तारीख को झारखंड बीजेपी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा, जो आगामी चुनावी तैयारियों में अहम भूमिका निभाएगा.
About the Author

A Multimedia Journalist having experience of more than 14 years in mainstream media Industry. Currently Working with Network 18 Media & Investment Limited for News18 Hindi Website as a Chief Sub Editor. He …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.