Rajasthan Weather Update: राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर खत्म होने के बाद मौसम साफ हो गया है। बुधवार को जयपुर, जैसलमेर, पिलानी, बीकानेर, अजमेर सहित कई शहरों में दिनभर तेज धूप खिली रही, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी से राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य में अगले 3-4 दिन मौसम साफ बना रहेगा। हालांकि इस सप्ताह उत्तरी हवाओं के कारण सर्दी का असर बना रहेगा, जबकि अगले सप्ताह से ठंड धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगी। बीते 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम राजस्थान के जिलों में आसमान साफ रहा और अच्छी धूप निकली। जोधपुर, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग में दिन के तापमान में बढ़ोतरी से ठंड का असर कम महसूस किया गया। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर संभाग में बुधवार सुबह से दोपहर तक हल्का कोहरा छाया रहा। भरतपुर, धौलपुर और अलवर में कोहरे का असर देखने को मिला। अलवर में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री और करौली में 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि भरतपुर संभाग में आज और कल भी हल्का से मध्यम कोहरा रह सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तरी हवाओं के कमजोर पड़ने के साथ अगले सप्ताह सुबह-शाम के तापमान में बढ़ोतरी होगी और सर्दी का असर कम होने लगेगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.