गुलाबी नगरी के ऐतिहासिक जल महल पर शुक्रवार को भारतीय वायुसेना के साहस, अनुशासन और तकनीकी दक्षता का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। भारतीय वायुसेना की प्रतिष्ठित ब्रांड एंबेसडर सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने हैरतअंगेज हवाई करतब दिखाकर हजारों जयपुरवासियों को रोमांचित कर दिया। जल महल की पाल से खुले आसमान में प्रस्तुत यह दृश्य देशभक्ति और गर्व की भावना से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के आरंभ से ही दर्शकों में उत्साह और उत्सुकता स्पष्ट दिखाई दी।
सबसे पहले सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने अपने पांच रंग-बिरंगे हेलिकॉप्टरों के साथ सटीकता और सामूहिक समन्वय का शानदार परिचय दिया। नियंत्रित ऊंचाई पर उड़ते हेलिकॉप्टरों ने जटिल संरचनाएं बनाईं और सधे हुए एरियल मूवमेंट्स प्रस्तुत किए। हेलिकॉप्टरों की परफेक्ट दूरी, संतुलन और तालमेल भारतीय वायुसेना के उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और अनुशासन का जीवंत उदाहरण रहा, जिसे दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
पढ़ें: फोन पर धमकी, मोटी रकम की मांग, लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार; बड़ी कार्रवाई
इसके बाद लाल-सफेद रंग के आकर्षक Hawk Mk-132 जेट विमानों ने जैसे ही आकाश में उड़ान भरी, पूरा वातावरण उत्साह से गूंज उठा। सूर्य किरण एरोबैटिक टीम ने लूप, बैरल रोल, उलटी उड़ान, फॉर्मेशन फ्लाइंग और लोकप्रिय ‘डीएनए’ संरचना जैसे जटिल करतबों का शानदार प्रदर्शन किया। आकाश में उभरते तिरंगे रंगों ने दर्शकों के मन में गर्व और देशभक्ति का भाव भर दिया।
गौरतलब है कि सूर्य किरण एरोबैटिक टीम के तीन प्रतिभाशाली पायलट विंग कमांडर राजेश काजला, विंग कमांडर अंकित वशिष्ठ और स्क्वाड्रन लीडर संजेश सिंह जयपुर के ही निवासी हैं। अपने गृह नगर में साहस और कौशल का प्रदर्शन करना उनके लिए विशेष गौरव का क्षण रहा। दर्शकों ने खड़े होकर तालियों के साथ इन जांबाज पायलटों का अभिनंदन किया।
यह आयोजन विशेष रूप से युवाओं और एनसीसी कैडेट्स के लिए प्रेरणास्रोत साबित हुआ। रविवार, 22 फरवरी को जल महल पर एरोबैटिक डिस्प्ले का मुख्य और विस्तृत आयोजन होगा, जिसमें और भी भव्य हवाई करतब देखने को मिलेंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.