अलवर जिले में SIR प्रक्रिया के आखिरी दो-तीन दिन में वोटर लिस्ट से नाम काटने के हजारों फॉर्म एक साथ आने का विरोध बढ़ गया है। अलवर, रामगढ़, किशनगढ़, तिजारा व थानागाजी रिटर्निंग ऑफिसर के चैंबर में हजारों फॉर्म पहुंचे थे। इसका विरोध हुआ तो रामगढ़ के अधिकतर बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को भेजे गए फॉर्म वापस मंगा लिए गए। यही नहीं अलवर में आए फॉर्म बीएलओ को भेजने से पहले जांच होने लगी है। असल में बीएलए (पार्टी के बूथ लेवल एजेंट) के नाम से लगाई आपत्तियों को खुद बीएलए खारिज करने लगे हैं। रामगढ़ के नाकचपुर के बीएलए ने कहा- उसने कोई आपत्ति नहीं दी। जिन लोगों के नाम काटने के लिए आपत्ति दी है, उनको वह जानते भी हैं। वे गांव में ही रहते हैं। अब आपत्ति किसने दी है, उसे नहीं पता है। इसी तरह पड़िसल के बीएलए का भी यही कहना है कि उसने कोई आपत्ति नहीं दी है। जबकि उसके पास 22 जनों की आपत्ति आई हैं। वहीं नाकचपुर में बीएलओ के पास 9 आपत्तियां भेजी गई थी। वहीं रामगढ़ कस्बे के बीएलए नवाब ने बताया- मेरे परिवार के छह सदस्यों के खिलाफ भी उसी के नाम से आपत्ति दर्ज हुई है। मेरे नाम से 106 नाम काटने की आपत्ति दर्ज कराई गई है, जबकि मैंने आपत्ति नहीं दी है। मेरे नाम का दुरुपयोग कर फर्जी आपत्तियां लगाई गई। एक ही परिवार के 3 युवकों के नाम की आपत्ति, पत्नी का नाम नहीं
रामगढ़ के नाकचपुर गांव में भाग संख्या 85 में नौ लोगों के नाम से आपत्तियां दर्ज कराई गई। इसमें एक ही परिवार के आजाद, राहुल व अरशद के नाम से आपत्ति दी गई। इन्हें लेकर लिखा गया कि डबल जन्मतिथि है। यह पता चलते ही अरशद व अन्य लोगों ने दैनिक भास्कर से संपर्क किया। अरशद ने बताया- हम गांव में रहते हैं। खेती का काम है। सब शादीशुदा हैं, लेकिन केवल उनके नाम से आपत्ति दी है। जबकि पत्नी व बच्चे भी हैं। पत्नी के नाम से किसी ने आपत्ति नहीं दी है। आपत्ति देने वाले सुबेसिंह बीएलए के नाम से फाॅर्म जमा कराए गए हैं। पड़ीसल में 22 जनों के नाम पर आपत्ति, अधिकतर पहले से वोटर
पड़ीसल में भाग संख्या 86 में 22 लोगों के नाम से बीएलए अशोक कुमार ने आपत्तियां दी। इनमें सहरुन, रमन, सरमीना, साहिला, जैकम, साहिदा, मौसम, अंजुम, कामिनी,अफसाना, नूरजहां, हसन, साबरा, वंदना, निकिता, मोनम, सोनम, रुकसिता, सायरा, अफजल, रवीना, रहीशा व मुस्कान के नाम से आपत्ति है। महिलाओं के नाम पर लिखा है शादी हाे गई। बाकी अधिकतर को बाहर जाना बताया गया। बीएल नवाब बोले- मैंने कोई आपत्ति दर्ज नहीं करवाई
बीएलए नवाब ने बताया- मैं कभी एसडीएम कार्यालय नहीं गया और न ही मैंने किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराई। नवाब ने आरोप लगाया कि उसके नाम का दुरुपयोग कर ग्रामीणों को मृतक और प्रवासी बताकर फर्जी आपत्तियां लगाई गई हैं। उसके परिवार के छह सदस्यों के खिलाफ भी उसी के नाम से आपत्ति दर्ज हुई है। उन्होंने कहा- मेरे नाम से 106 नाम काटने की आपत्ति दर्ज कराई गई है, जबकि मैंने आपत्ति नहीं दी है। रामगढ़ कस्बे में गुरुवार को अधिकारियों के पास कई ग्रामीण पहुंचे थे। इनमें से कुछ ने कहा कि वे जिंदा हैं और उनको मृत बताकर नाम काटने की आपत्ति दर्ज करा दी। ग्रामीण मौसम, नवाब खान, जफर और सुब्बा खान ने कहा- SIR पर आपत्ति अभियान के तहत उनके गांव के 106 मतदाताओं के खिलाफ आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। आरोप है कि ये आपत्तियां गांव के ही नवाब के नाम से दर्ज कराई गई हैं। ग्रामीणों ने कहा- जिन मतदाताओं को मृतक दर्शाकर आपत्ति दर्ज की गई है, वे सभी जीवित हैं। वे एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। रामगढ़ में बीएलओ को भेजे आपत्ति फॉर्म वापस मंगाए
रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ को भेजे गए आपत्ति वाले सभी फॉर्म वापस मंगा लिए हैं। इनके बाद सीबीईओ कार्यालय के जरिए फॉर्म गए थे। वहीं पर वापस जमा करा दिए हैं। अब आगे की प्रक्रिया के अनुसार जांच होगी। अलवर ग्रामीण की आपत्तियां चुनिंदा नामों से, फॉर्म नहीं भेजे
अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग ऑफिसर के चैंबर में कई हजार आपत्तियां 15 जनवरी को मिली। इनमें से एक-एक व्यक्ति के नाम से 300 से 500 आपत्तियां मिली। आपत्ति दर्ज कराने वाले के मोबाइल नंबर भी नहीं हैं। इस कारण इनको आगे नहीं भेजा जा सकता है। असल में नियम यह है कि आपत्ति दर्ज कराने वाले का मोबाइल नंबर होना जरूरी है। इस कारण पहले सब फॉर्म की जांच हो रही है। इसके बाद सही आपत्ति मिलने पर आगे बीएलओ को भेजी जाएंगी। फिर पूरी जांच होगी। यह खबर भी पढ़ें… गहलोत बोले- BLO पर कांग्रेस का वोट काटने का दबाव:अलवर में SIR पर अचानक हजारों आपत्तियां आईं, कांग्रेस नेता भड़के अलवर के मिनी सचिवालय में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में बड़ा खुलासा हुआ है। यहां अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर (IAS) की टेबल पर वोटर लिस्ट से नाम हटवाने के करीब 20 से 25 हजार फॉर्म रखे मिले। सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह खैरथल-तिजारा जिलाध्यक्ष सहित कांग्रेस के कई नेता मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचते ही रिटर्निंग अधिकारी के चैंबर में काम करने वाले कर्मचारी गुपचुप निकल गए। (पूरी खबर पढ़ें) जोधपुर में SIR की प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप:कांग्रेसी नेताओं ने कलेक्टर को दिया ज्ञापन, कहा- कार्यकर्ताओं के नाम काटने की कोशिश की जा रही जोधपुर शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से SIR की प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगा जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है। कहा कि जोधपुर शहर की तीन विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ (ERO) कार्यालयों में नियमों के विरुद्ध बड़ी संख्या में फॉर्म 7 जमा कराए जा रहे हैं। इनके जरिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मतदाता सूची से नाम काटने की कोशिश की जा रही है। (पूरी खबर पढ़ें) उदयपुर में कांग्रेस बोली- SIR में भाजपा MLA ने कटाए 260 नाम:कलेक्टर से मामला दर्ज की मांग; विधायक बोले- शिकायत कर सकते हैं, गलत क्या, जांच होगी उदयपुर में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने कलेक्टर को दस्तावेज देकर वोटर लिस्ट से नाम काटने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने उदयपुर शहर के भाजपा विधायक ताराचंद जैन और अन्य पर नाम कटाने का आरोप लगाते हुए उन पर मामला दर्ज कराने की मांग की। (पूरी खबर पढ़ें)
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.