Rajasthan Assembly Live: प्रश्नकाल से शुरू होगी विधानसभा की कार्रवाई, बजट बहस का आज आखिरी दिन
आज सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ विधानसभा की कार्रवाई शुरू होगी। मुख्यमंत्री से संबंधित विभागों के साथ ही उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी से जुड़े विभाग, चिकित्सा, संसदीय कार्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, पशुपालन और वन विभाग से संबंधित सवाल-जवाब सदन में होंगे।
विधायक श्री चंद कृपलानी अनुसूचित क्षेत्र में तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती 2022 के तहत कार्यरत 75 शिक्षकों का जिला आवंटन निरस्त कर सेवा से कार्यमुक्त किए जाने से उत्पन्न स्थिति के समाधान को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए शिक्षा मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। विधायक रतन देवासी प्रदेश में विधायक स्थानीय निधि से महापुरुषों, भारत रत्न और समाज सुधारकों की प्रतिमाएं स्थापित करने हेतु गाइड लाइन बनाने से संबंधित मामले पर ग्रामीण विकास मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे।
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी वर्ष 2026-27 का आउटपुट-आउटकम बजट सदन के पटल पर रखेंगी। प्रश्न एवं संदर्भ समिति का वर्ष 2025-26 का प्रतिवेदन सभापति संदीप शर्मा द्वारा सदन में प्रस्तुत किया जाएगा। विधायक फूल सिंह मीणा द्वारा उदयपुर के गोवर्धन विलास क्षेत्र स्थित डायट परिसर की शिक्षा विभाग की भूमि को खेल मैदान के रूप में आरक्षित कराने संबंधी याचिका सदन में प्रस्तुत की जाएगी।
बजट पर बहस का अंतिम दिन
आज बजट पर चर्चा का अंतिम दिन है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली बजट पर अपने विचार रखेंगे। इसके बाद राज्य सरकार की ओर से उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी सदन में जवाब पेश करेंगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.