पंजाब में आज एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिससे माैसम के तेवर बिगड़ सकते हैं। मौसम विभाग ने राज्य के लिए दो दिनों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शनिवार तक बना रहेगा। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। 25 जनवरी को मौसम एक दिन के लिए शुष्क रहने का अनुमान है लेकिन 26 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसके चलते दोबारा बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। खासतौर पर 27 जनवरी को मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना है। उस दिन 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और बारिश होगी। लगातार हो रही मौसमी गतिविधियों के कारण आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है।
पांच शहरों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से नीचे
बुधवार को पंजाब में आदमपुर सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शीत लहर के चलते पांच शहरों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री या उससे नीचे रहा। अमृतसर में 3.3, फरीदकोट में 3.0, बठिंडा में 3.8 और पठानकोट में 4.0 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। घने कोहरे का असर भी देखने को मिला। बठिंडा में दृश्यता शून्य रही, जबकि अमृतसर और लुधियाना में यह 50-50 मीटर दर्ज की गई। पंजाब के न्यूनतम तापमान में औसतन 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की हल्की कमी आई है। हालांकि अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से 4.2 डिग्री ऊपर बना हुआ है। सबसे अधिक 25.4 डिग्री तापमान मानसा में दर्ज किया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.