Phulera Ringus Rewari rail line: फुलेरा–रींगस–रेवाड़ी रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य के कारण रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों को रद्द किया है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं. इस कार्य का असर रोजाना चलने वाली पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी पड़ा है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रेनों की अपडेटेड लिस्ट और समय सारिणी जरूर जांच लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके.
Train News: उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर मंडल के अंतर्गत फुलेरा–रींगस–रेवाड़ी रेलखंड पर विकास कार्य और दोहरीकरण का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है. यह कार्य अटेली, मिर्जापुर, बाछोद और नारनौल स्टेशनों के मध्य चल रहा है. इस दोहरीकरण से आने वाले समय में रेल संचालन में होने वाली है. ऐसे में वर्तमान में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण इस रेलखंड पर अस्थायी रूप से रेल सेवाएं प्रभावित की गई हैं, जिससे यात्रियों को कुछ समय तक असुविधा का सामना करना पड़ेगा.

नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के कारणों के चलते रेलवे प्रशासन ने कई ट्रेनों को रद्द करने और कुछ को परिवर्तित मार्ग से संचालित करने का निर्णय लिया है. उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि यह निर्णय पूरी तरह तकनीकी और सुरक्षा कारणों से लिया गया है, ताकि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अव्यवस्था से बचा जा सके.

रद्द की गई ट्रेनों में गाड़ी संख्या 19621 फुलेरा–रेवाड़ी एक्सप्रेस प्रमुख है, जो 18 जनवरी से 15 फरवरी तक कुल 29 ट्रिप के लिए रद्द रहेगी. इसी अवधि में गाड़ी संख्या 19618 रेवाड़ी–मदार एक्सप्रेस भी 29 ट्रिप तक संचालित नहीं होगी. इन दोनों नियमित ट्रेनों के रद्द होने से दैनिक यात्रियों पर प्रभाव पड़ने की संभावना है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

वही, रेलवे द्वारा गाड़ी संख्या 09637 रेवाड़ी–रींगस स्पेशल और गाड़ी संख्या 09638 रींगस–रेवाड़ी स्पेशल को भी अस्थायी रूप से रद्द किया गया है. ये दोनों ट्रेनें 18 जनवरी से कुल 7–7 ट्रिप तक संचालित नहीं होंगी. इन स्पेशल ट्रेनों के रद्द होने से स्थानीय और दैनिक अप–डाउन करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी हो सकती है.

परिवर्तित मार्ग से संचालित होने वाली ट्रेनों में गाड़ी संख्या 19604 गोड्डा–दौराई रेलसेवा शामिल है, जो 20 और 27 जनवरी तथा 3 और 10 फरवरी को गोड्डा से प्रस्थान करेगी. यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग रेवाड़ी–रींगस–फुलेरा के स्थान पर रेवाड़ी–अलवर–जयपुर–फुलेरा होकर चलेगी और अलवर, बांदीकुई, गांधीनगर जयपुर तथा जयपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी.

इसी तरह गाड़ी संख्या 14087 दिल्ली–जैसलमेर रेलसेवा 18 जनवरी से 15 फरवरी तक कुल 29 ट्रिप परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी, जबकि गाड़ी संख्या 22452 चंडीगढ़–बांद्रा टर्मिनस रेलसेवा 9 ट्रिप के लिए बदले हुए मार्ग से चलाई जाएगी. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.