मृतक लवप्रीत सिंह का फाइल फोटो।
अमृतसर जिले के एक गांव में एक पिता ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ जहरीली दवा पीकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में तीनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पिता बेरोजगारी और आर्थिक तंगी से परेशान था।
मृतक की पहचान शहूरा गांव निवासी लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, लवप्रीत सिंह लंबे समय से बेरोजगार था और काम न मिलने के कारण मानसिक तनाव में था। घटना वाले दिन वह अपनी पत्नी कुलदीप कौर को अटारी में काम पर छोड़कर घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद लवप्रीत सिंह ने पहले खुद जहरीली दवा पी। इसके बाद उसने अपनी 8 वर्षीय बेटी जसप्रीत कौर और 6 वर्षीय बेटी वीरपाल कौर को भी जहरीली दवा पिला दी।
मृतका वीरपाल कौर का फाइल फोटो।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए परिजन
कुछ ही समय बाद तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी। परिवार के सदस्यों ने उन्हें तुरंत अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। लवप्रीत सिंह का एक छोटा बेटा भी है, जो इस घटना में सुरक्षित बच गया। इस दुखद घटना के बाद गांव शहूरा में शोक का माहौल है। ग्रामीण इस घटना के लिए गरीबी, बेरोजगारी और कमजोर आर्थिक हालात को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

मृतका जसप्रीत कौर का फाइल फोटो।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने धारा 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.