उदयपुर शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र में स्पा सेंटर की आड़ में अवैध देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सहेली मार्ग स्थित यूआईटी सर्कल के पास संचालित नेचर टच स्पा सेंटर पर दबिश देकर संचालिका सहित तीन युवतियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई।
शिकायत के बाद संयुक्त टीम की दबिश
मामले की जानकारी देते हुए एसटी-एससी सेल की डीएसपी नीतू सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद अंबामाता थाना, बड़गांव थाना और डीएसटी की संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर पर कार्रवाई की। जांच के दौरान यह सामने आया कि स्पा की आड़ में ग्राहकों से अतिरिक्त रकम लेकर अवैध देह व्यापार कराया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से तीन युवतियों और स्पा सेंटर की संचालिका को गिरफ्तार किया। पकड़ी गई युवतियां भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ जिलों की रहने वाली बताई जा रही हैं। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई एडिशनल एसपी माधुरी वर्मा के निर्देशन में की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच के बाद अब स्पा सेंटर के संचालन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि इस गतिविधि में अन्य लोग या कोई संगठित नेटवर्क शामिल तो नहीं है।
पर्यटन क्षेत्र में निगरानी बढ़ी
गौरतलब है कि पर्यटन नगरी उदयपुर में प्रमुख पर्यटन स्थलों के आसपास बड़ी संख्या में स्पा सेंटर संचालित हो रहे हैं। सहेलियों की बाड़ी क्षेत्र शहर का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जिसके आसपास कई स्पा सेंटर चल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.