पश्चिम चंपारण में मुख्यमंत्री की प्रस्तावित ‘समृद्धि यात्रा’ को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने समाहरणालय सभागार में एक समीक्षा बैठक की।
बैठक में आयुक्त ने जिले में चल रही विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
समाहरणालय सभागार की बैठक में मौजूद पदाधिकारी।
आयुक्त ने ‘प्रगति यात्रा’, ‘सात निश्चय-2’ और ‘सात निश्चय-3’ के तहत चल रही योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी योजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी होनी चाहिए और कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
योजनाओं काे जनता तक पहुंचना सर्वोच्च प्राथमिकता
गिरिवर दयाल सिंह ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंचना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तत्परता बरतने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने जोर दिया कि केवल कागजी प्रगति पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से कार्यों की वास्तविक स्थिति की नियमित समीक्षा आवश्यक है। विशेष रूप से जनसुविधाओं से जुड़ी योजनाओं पर ध्यान केंद्रित करने को कहा गया, ताकि मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान जिले की विकास तस्वीर स्पष्ट हो सके।
किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
उन्होंने कहा कि ‘समृद्धि यात्रा’ को सफल, प्रभावी और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन को पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ कार्य करना होगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक से पहले, आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने मुख्यमंत्री की प्रस्तावित यात्रा के लिए चिन्हित स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रहे कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह, प्रभारी उप विकास आयुक्त-सह-अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, नगर आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) कुमार रविन्द्र, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, निदेशक डीआरडीए अरूण प्रकाश सहित सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.