जशपुर पुलिस ने अवैध धान परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की है। तपकरा थाना क्षेत्र में झारखंड से छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए लाए जा रहे 30 क्विंटल अवैध धान के साथ एक ट्रैक्टर जब्त किया गया है। यह कार्रवाई घुमरा बैरियर के पास की गई।
जब्त किए गए धान की 70 बोरियां थीं, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 69 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने संदिग्ध ट्रैक्टर को रोककर तलाशी के दौरान यह धान बरामद किया। आगे की कार्रवाई के लिए इसे जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।
यह घटना 2 और 3 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात करीब 2 बजे की है। थाना तपकरा की पुलिस टीम घुमरा बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक नीले रंग का बिना नंबर का सोनालिका ट्रैक्टर आता दिखा, जिसे पुलिस ने रोक लिया।
नहीं पेश कर सका वैध दस्तावेज
ट्रैक्टर की ट्रॉली में प्लास्टिक की त्रिपाल से ढंका 30 क्विंटल धान लोड पाया गया। ट्रैक्टर चालक ने पूछताछ में अपनी पहचान गुलबदन साय (28), निवासी ग्राम मृगखोल, थाना तपकरा के रूप में बताई। वह धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या मंडी टोकन प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद ट्रैक्टर सहित धान को जब्त कर लिया गया।
अब तक 1930 क्विंटल अवैध धान पकड़ा गया
वर्तमान समय में छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के दौरान बिचौलिए सरहदी राज्यों और राज्य के भीतर से अवैध धान लाकर किसानों के माध्यम से मंडियों में खपाने की कोशिश कर रहे हैं। इसे रोकने के लिए जिला पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं।
सरहदी रास्तों पर नाकाबंदी के साथ-साथ संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। जशपुर पुलिस ने अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 7 ट्रक, 22 पिकअप और 2 ट्रैक्टर से 1930 क्विंटल धान पकड़कर जिला प्रशासन को सौंप दिया है।
कार्रवाई जारी रहेगी कार्रवाई- SSP
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि तपकरा क्षेत्र में अवैध धान परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर से 30 क्विंटल धान पकड़ा गया और उसे जिला प्रशासन को सौंपा गया। उन्होंने कहा कि अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.