बरनाला से धुरी जाने वाले लिंक रोड की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
15 फरवरी, रविवार को महाशिवरात्रि का पावन पर्व है। इस अवसर पर धुरी के गांव रनीके स्थित रानिकेश्वर मंदिर में हर वर्ष विशाल मेला लगता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था और श्रद्धा के साथ बरनाला से पैदल यात्रा कर रनीके मंदिर पहुंचकर भगवान शिव को जल अर्पित करते हैं लेकिन महाशिवरात्रि से एक दिन पहले ही सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे पैदल यात्रियों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों मुकेश शर्मा, हैप्पी, संदीप, हरप्रीत, रिंकू, जसवीर और मनी ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि धुरी व आसपास के गांवों से कई लोग रोजाना रोजगार के लिए बरनाला आते-जाते हैं, जिन्हें खराब सड़क के कारण भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि महाशिवरात्रि से पहले सड़क की मरम्मत और जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम राहगीरों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े तथा रानी गांव में लगने वाले मेले का आयोजन सुचारु रूप से हो सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.