Bihar Weather Today: बिहार में फरवरी का मौसम लोगों को कन्फ्यूज कर रहा है. दिन में तेज धूप के कारण कैमूर जैसे जिलों में पंखे चलने लगे हैं. वहीं रात में तापमान 9°C तक गिरने से ठंड बरकरार है. IMD के अनुसार अगले दो दिनों में पारा 3 डिग्री और गिरेगा. जिसके बाद मौसम साफ होगा.
इन सबके बीच बिहार के लोग कन्फ्यूजन में हैं. हालात ऐसे हैं कि स्वेटर पहनने पर गर्मी लगती है, जबकि उतारते ही ठंड महसूस होने लगती है. लोग कपड़ों को लेकर पूरी तरह कन्फ्यूज हैं. ऑफिस जाते समय गर्मी सताती है, जबकि लौटते वक्त हल्की ठंड का एहसास होता है. वहीं, कोहरे की बात करें तो अभी भी कुछ जिलों में इसका असर दृश्यता पर देखने को मिल रहा है. बुधवार को सबसे कम विजिबिलिटी 100 मीटर गया जी में रिकॉर्ड की गई.
कैमूर में सबसे पहले पहुंची गर्मी
पूरे बिहार में सबसे पहले ठंड की विदाई कैमूर जिले से होती हुई दिखाई दे रही है. यहां दिन और रात, दोनों का तापमान सबसे अधिक बना हुआ है. यह सिलसिला पिछले कई दिनों से चल रहा है. यहां के लोगों ने अब धीमी गति में पंखा चलाना शुरू कर दिया है. बुधवार को गिरावट के बावजूद कैमूर का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, बुधवार को वाल्मीकिनगर में दिन का तापमान 5.8°C तक लुढ़का और 20.2°C दर्ज हुआ. इससे यहां अचानक लोगों को दिन में भी ठंड महसूस होने लगी. पश्चिम चंपारण से सटे मोतिहारी में लोगों को गर्मी का एहसास हुआ. पूरे बिहार में सबसे अधिक दिन का तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस मोतिहारी में ही दर्ज किया गया. राजधानी पटना में भी दिन के समय स्वेटर पहनने की जरूरत नहीं पड़ रही है.
भागलपुर के लोग सबसे ज्यादा कन्फ्यूज
रात की बात करें तो सबसे ज्यादा भागलपुर के लोग कन्फ्यूज हैं. यहां जिला मुख्यालय यानी भागलपुर का न्यूनतम तापमान 14.2°C दर्ज हुआ, जबकि इसी जिले के सबौर का न्यूनतम तापमान पूरे बिहार में सबसे कम 9°C रिकॉर्ड किया गया. इस तरह आधे जिले को ठंड से राहत है, जबकि आधे को ठंड लग रही है. दूसरी तरफ, कैमूर, पटना, फारबिसगंज और गोपालगंज में ठंड असर सबसे कम है. बुधवार को बिहार का न्यूनतम तापमान 9°C से 15.7°C तक दर्ज हुआ.
तापमान को लेकर क्या कहता है आईएमडी
तापमान को लेकर आईएमडी का पूर्वानुमान कहता है कि अगले दो दिनों के दौरान दिन और रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट का पूर्वानुमान है. दिन में धूप तो निकलेगी लेकिन बादलों का साया भी रहेगा. आज सुबह के समय पश्चिम चंपारण से लेकर औरंगाबाद तक यानी पश्चिम बिहार के जिलों में मध्यम से घना कोहरा देखा जा रहा है. शेष जिलों में नाममात्र कुहासा है. 06 से 11 फरवरी तक आसमान बिल्कुल साफ रहने का पूर्वानुमान है. कोहरे से राहत मिलेगी.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
| पटना | 24,8 | 14,4 | 102 |
| मुजफ्फरपुर | 24,4 | 13,6 | 105 |
| गयाजी | 26 | 12 | 112 |
| पूर्णिया | 27 | 13,9 | 105 |
| भागलपुर | 25,9 | 9 | 87 |
नोट- ये आंकड़े बुधवार के हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.