भिवानी के गांव बैरान में बस स्टैंड के नजदीक सड़क हादसा हुआ है। एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार गांव फरटिया भीमा निवासी रामपाल (47) अपनी पत्नी प्रेम और भाई की लड़की साक्षी के साथ अपने बेटे की शादी के लिए सामान की खरीदारी करने हिसार गए थे। खरीदारी के बाद कार से वापस लौटते समय गांव बैरान के पास अचानक कार संतुलन खो बैठी और पेड़ से टकरा गई। कार सवार तीनों लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। डायल 112 पुलिस टीम व राहगीरों की मदद से घायलों को लोहारू के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां चिकित्सकों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन तीनों घायलों को इलाज के लिए निजी एंबुलेंस के माध्यम से हिसार के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.