जेडीयू की सबसे बड़ी अनसुलझी पहेली
जानकारों की नजर में जेडीयू की पहचान शुरू से एक नेता-केंद्रित पार्टी की रही है. संगठन कभी इतना मजबूत नहीं बन पाया कि नेतृत्व के बिना भी पार्टी अपनी दिशा तय कर सके. नीतीश कुमार ही चेहरा हैं, वही निर्णयकर्ता हैं और वही पार्टी की वैचारिक रीढ़ भी हैं. ऐसे में यह आशंका स्वाभाविक है कि नीतीश के बिना जेडीयू का चुनावी और सामाजिक आधार कमजोर पड़ सकता है. यही कारण है कि उत्तराधिकार का सवाल अब भविष्य की चिंता नहीं, बल्कि वर्तमान का संकट बन चुका है. अब इसी संदर्भ में मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार का नाम बार-बार चर्चा में आता है. लेकिन, सवाल यह कि- क्या निशांत कुमार राजनीति में आ रहे हैं? अगर आ रहे हैं तो इसके सकारात्मक और नकारात्मक पहलू क्या होंगे?
नेता-केंद्रित जेडीयू और संगठन की कमी
बता दें कि, निशांत कुमार अब तक राजनीति से दूर रहे हैं. न कोई चुनाव और न ही कोई संगठनात्मक भूमिका में कभी वो दिखे हैं. बावजूद इसके पार्टी के भीतर और बाहर यह चर्चा तेज है कि आने वाले समय में उन्हें धीरे-धीरे राजनीति में उतारा जा सकता है. चर्चा जारी है और राजनीति के जानकार मानते हैं कि निशांत कुमार की एंट्री अगर होगी तो वह अचानक नहीं, बल्कि एक ‘सॉफ्ट लॉन्च’ के तौर पर हो सकती है. पहले संगठन में भूमिका, फिर किसी सदन की सदस्यता और बाद में नेतृत्व की जिम्मेदारी. लेकिन, यहां असली सवाल यह नहीं है कि निशांत राजनीति में आएंगे या नहीं? बड़ा सवाल यह है कि क्या जेडीयू का कार्यकर्ता और वोटर उन्हें स्वीकार करेगा?
साल 2025 के आखिरी दिन जदयू दफ्तर पर यह पोस्टर लगाया गया है
निशांत कुमार का नाम क्यों चर्चा में है?
वरिष्ठ पत्रकार अशोक कुमार शर्मा कहते हैं कि निशांत कुमार के पास फिलहाल न तो राजनीतिक अनुभव है, न कोई जनाधार और न ही वह करिश्मा जो नीतीश कुमार की पहचान रहा है. पार्टी के अंदर कई पुराने नेता भी हैं, जिनके लिए यह स्वीकार करना आसान नहीं होगा कि नेतृत्व सीधे परिवार में चला जाए. यही वजह है कि यह रास्ता सुरक्षित दिखने के बावजूद जोखिम से भरा माना जा रहा है.
बढ़ता दबाव और बदल रहा समीकरण
अशोक कुमार शर्मा कहते हैं कि इस पूरे समीकरण में बड़ा और सबसे अहम किरदार है- बीजेपी. बीते कुछ वर्षों में बीजेपी और जेडीयू का रिश्ता बराबरी का नहीं रह गया है. जेडीयू अब राजनीतिक रूप से बीजेपी पर ज्यादा निर्भर दिखती है. लोकसभा से लेकर विधानसभा तक, बीजेपी का जनाधार बढ़ा है और जेडीयू सिमटी है. ऐसे में नीतीश कुमार की सक्रियता में जरा सी भी कमी बीजेपी के लिए अवसर बन सकती है.
2026 से पहले फैसला क्यों जरूरी है?
जानकारों की नजर में राजनीतिक संकेत साफ हैं. अगर नीतीश कमजोर होते हैं या राजनीति से पीछे हटते हैं तो बीजेपी या तो मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर दबाव बना सकती है या जेडीयू को छोटे सहयोगी की भूमिका में सीमित कर देगी. बीजेपी का दीर्घकालिक लक्ष्य छुपा नहीं है-बिहार में स्थायी नेतृत्व और पूर्ण नियंत्रण. इसके लिए जरूरी है कि नीतीश कुमार पर निर्भरता खत्म हो और जेडीयू बहुत मजबूत स्थिति में न रहे. यही वजह है कि 2026 जेडीयू के लिए असली परीक्षा वाला साल माना जा रहा है.

नीतीश कुमार के बाद जेडीयू का नेतृत्व कौन संभालेगा, निशांत कुमार का नाम चर्चा में, पार्टी के भविष्य और बीजेपी के दबाव
नीतीश अचानक राजनीति से पीछे हटे तो…
अगर इस चुनाव से पहले उत्तराधिकार को लेकर तस्वीर साफ नहीं हुई तो पार्टी के बिखरने का खतरा बढ़ सकता है. कुछ नेता बीजेपी की ओर रुख कर सकते हैं, कुछ आरजेडी में जा सकते हैं और कुछ अलग गुट बना सकते हैं. राजनीतिक इतिहास इसके उदाहरणों से भरा है. शरद पवार के बाद एनसीपी का बंटवारा हो या मुलायम सिंह यादव के बाद समाजवादी पार्टी में टकराव- नेतृत्व का खालीपन पार्टी को कमजोर कर देता है. ऐसे में एक आशंका यह भी है कि जेडीयू भी उसी राह पर जा सकती है.
जेडीयू के आगे तीन रास्ते क्या हैं?
राजनीति के जानकारों के मुताबिक, जेडीयू के सामने इस वक्त तीन रास्ते हैं. पहला-नीतीश कुमार खुद रहते हुए उत्तराधिकारी तय करें, ताकि पार्टी की पहचान बनी रहे. दूसरा-फैसला टालते रहें और बीजेपी को मौके मिलते रहें.तीसरा- बहुत देर कर दी जाए और हालात खुद फैसला कर दे. इन तीनों में पहला रास्ता कठिन जरूर है, लेकिन जेडीयू के लिए सबसे सुरक्षित भी है. दूसरा रास्ता सबसे संभावित दिखता है, जबकि तीसरा रास्ता पार्टी के लिए सबसे खतरनाक साबित हो सकता है.
साफ शब्दों में सियासत समझिए
अंत में तस्वीर बिल्कुल साफ है. अगर नीतीश कुमार ने समय रहते फैसला किया तो जेडीयू खुद को बचा सकती है. अगर फैसला टला तो बीजेपी तय करेगी, और अगर बहुत देर हो गई तो जेडीयू अपने अस्तित्व के लिए संघर्षरत रह जाएगी. अब सवाल यह नहीं है कि उत्तराधिकार होगा या नहीं? सवाल सिर्फ इतना है- फैसला नीतीश कुमार करेंगे या सियासी हालात ही फैसला कर लेंगे?
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.