Patna News: फुलवारी शरीफ इलाके में छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अब और पेचीदा होता जा रहा है. छत से गिरकर छात्रा की मौत हो गई थी. परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है. जांच में घटना स्थल से शराब की बोतले पानी के पाउच मिले हैं.
पुलिस मामले की जांच में जुटी.
घटना फुलवारी शरीफ में एम्स गोलंबर के पास स्थित एक निजी हॉस्टल/कोचिंग बिल्डिंग की है. जहां से छत से गिरने से छात्रा की मौत हो गई थी. पुलिस जहां इसे दुर्घटना या आत्महत्या के एंगल से जांच रही है, वहीं परिजन लगातार हत्या की आशंका जता रहे हैं. घटना वाले दिन छात्रा सुबह करीब 8 बजे घर से कोचिंग के लिए निकली थी. कुछ ही देर बाद कोचिंग संचालक की ओर से परिवार को सूचना दी गई कि लड़की की तबीयत खराब हो गई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है. जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो छात्रा की मौत हो चुकी थी. बाद में जब परिजन शव घर लेकर गए, तो शरीर पर चोट और घसीटे जाने जैसे निशान देखकर उन्हें शक हुआ और उन्होंने हत्या का आरोप लगाया.
छत से मिलीं शराब की बोतलें
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और बिल्डिंग की छत व कमरे की तलाशी ली. जांच के दौरान छत पर कई जगह शराब की बोतलें, पाउच और ग्लास पड़े मिले, जिससे घटना के समय वहां किसी गतिविधि होने की आशंका जताई जा रही है. परिजनों का दावा है कि सातवें तल्ले के एक कमरे में घसीटे जाने के निशान और सैंडिल के प्रिंट भी मिले हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच होनी चाहिए.
परिवार ने उठाए सवाल
परिजन सवाल उठा रहे हैं कि छत की दीवार इतनी ऊंची है कि किसी का यूं ही गिर जाना आसान नहीं है. ऐसे में यह मामला हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकता है. वहीं, पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं- दुर्घटना, आत्महत्या और हत्या को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. सूत्रों के अनुसार, बिल्डिंग में काम करने वाले कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और तकनीकी जांच के आधार पर ही मौत की असली वजह सामने आएगी. फिलहाल यह मामला पटना में चर्चा का विषय बना हुआ है और हर किसी की नजर जांच के नतीजों पर टिकी है.
About the Author

कहानी सुनने, गुनने और लिखने का शौकीन. शुद्ध कीबोर्ड पीटक. माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी भोपाल से शिक्षा-दीक्षा. द सूत्र, खबरिया न्यूज़, दैनिक नई दुनिया (अखबार) से सीखते हुए हाल मुकाम News18 है. 5 साल से पत्रकार…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.