हालांकि शाम के बाद हवा की गति में कुछ कमी आती है, लेकिन दिन के समय इसका जोर लगातार बना रहता है. रविवार को कई जिलों में मध्यम स्तर का कोहरा दर्ज किया गया. इससे दृश्यता घटकर करीब 150 मीटर रह गई. इससे पहले दृश्यता लगभग 500 मीटर तक बनी हुई थी. तापमान में फिलहाल हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, लेकिन कोई बड़ी गिरावट या बढ़ोतरी दर्ज नहीं की गई है.
मौसम विभाग के मुताबिक, आज भी राज्य के 06 जिलों में घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है, जबकि बाकी जिलों में बेहद हल्का कोहरा छाया रह सकता है. दिन के वक्त तेज पछुआ हवा का असर जारी रहेगा. वहीं तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार फिलहाल नहीं जताए गए हैं.
आने लगी है पतझड़ वाली फिलिंग
बसंत ऋतु के बीच इन दिनों मौसम में कुछ अलग-सा अहसास देखने को मिल रहा है. दिन के समय तेज रफ्तार से चल रही हवाएं एक्टिव रहती हैं, जबकि शाम होते-होते हवा की चाल धीमी पड़ जाती है. आसमान साफ और नीला नजर आ रहा है, वहीं तेज धूप दिन में अच्छी-खासी तपिश का एहसास करा रही है.
दोपहर के समय मौसम में एक अजीब-सी सुस्ती घुली रहती है, मानो हवाओं के साथ आलस भी बह रहा हो. पेड़ों के पत्ते सूखे हुए हैं और झड़ रहे हैं. यह पूरा माहौल साफ तौर पर मौसम के बदलाव की ओर इशारा कर रहा है. ठंड का असर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है. मौसम सर्दी से निकलकर गर्मी की ओर कदम बढ़ा रहा है.
आज इन जिलों में कोहरा
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, आज सुबह बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी और सुपौल जिलों में घने कोहरे की चादर छाई रही. इन इलाकों में दृश्यता काफी कम दर्ज की गई. वहीं, बाकी जिलों में सूरज निकलने से पहले हल्का कोहरा नजर आया. इस दौरान वातावरण में नमी बनी रही, हल्की-हल्की हवाएं चलती रहीं और पूरी रात ओस की बूंदें गिरती रहीं. इससे ठंड का असर रात को बना रहा.
एक नजर दिन के तापमान पर
रविवार को राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.9°C कैमूर में दर्ज किया गया है. कैमूर के साथ-साथ रोहतास, औरंगाबाद, गया, नालंदा और शेखपुरा जैसे दक्षिण और दक्षिण-पश्चिमी जिलों में भी तापमान 27°C से ऊपर बना हुआ है. राजधानी और मध्य बिहार यानी पटना में अधिकतम तापमान 25.5°C दर्ज किया गया.
इसमें पिछले 24 घंटे में 0.5°C की बढ़ोतरी हुई है. वैशाली (25.0°C), समस्तीपुर (24.2°C), बेगूसराय (25.7°C) और मुंगेर (25.6°C) में भी दिन के तापमान में हल्की से मध्यम बढ़ोतरी देखने को मिली. मधुबनी (23.8°C) और दरभंगा (23.6°C) जैसे जिलों में तापमान बाकियों की तुलना में कम रहा, लेकिन यहां भी बीते 24 घंटे में वृद्धि दर्ज की गई है. सुपौल (25.5°C) और पूर्णिया (25.5°C) में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है. किशनगंज (25.0°C) में हालांकि तापमान थोड़ा घटा है.
रात के तापमान का हाल
रविवार को बिहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.3°C किशनगंज में दर्ज किया गया है. यह बताता है कि सीमावर्ती और उत्तर-पूर्वी जिलों में ठंड अभी पूरी तरह विदा नहीं हुई है. सुपौल (10.1°C), मधेपुरा (9.9°C), अगवानपुर (9.7°C) सहित आस पास के जिलों में तापमान 10 डिग्री के आसपास या उससे नीचे रहा.
मधुबनी (11.6°C) और दरभंगा (11-12°C) में न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहा, लेकिन रात की ठंड महसूस की गई. पूर्णिया (11.7°C) और कटिहार (14.5°C) में बाकियों से कम ठंड रही. पटना में न्यूनतम तापमान 13.4°C दर्ज किया गया, जिसमें पिछले 24 घंटे में 0.4°C की गिरावट आई है.
आगे का हाल
आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में कोई खास बदलाव होने के संकेत नहीं है. दिन का अधिकतम तापमान 22 से 28°C के आस पास जबकि रात का तापमान 10-15°C के बीच रहने का पूर्वानुमान है. दिन में धूप खिली रहेगी. हवा चलती रहेगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.