कई जिलों में अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई. सबसे ठंडा दिन मधुबनी में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान मात्र 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा. अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया. इस वजह से लोगों को इस सीजन में पहली बार भीषण कड़ाके की ठंड का एहसास हुआ.
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा. 9 जनवरी से ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है. तब तक लोगों को भीषण ठंड का सामना करना पड़ेगा.
6 जनवरी तक भीषण ठंड का पूर्वानुमान
आईएमडी द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आज सुबह से ही पूरे बिहार में घना से अति-घना कोहरा छाया हुआ है. दृश्यता बेहद कम बनी हुई है. इसके साथ ही सर्द पछुआ हवाएं भी चल रही हैं. मौसम विभाग का अनुमान है कि यह स्थिति आज दिनभर बनी रहेगी. इसी को देखते हुए आईएमडी ने पूरे बिहार में कोल्ड डे को लेकर चेतावनी जारी की है. साथ ही दिनभर कोहरे का असर भी बना रहने की संभावना जताई गई है. बिहार के सभी 38 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है.
सिर्फ आज ही नहीं, बल्कि 6 जनवरी की सुबह तक पूरे बिहार में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने की सलाह दी गई है.
बुधवार से राहत मिलने की उम्मीद
जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 6 जनवरी यानी मंगलवार से 9 जनवरी की सुबह तक आंशिक धूप निकलने की संभावना है. इस दौरान आज की तुलना में कोहरे का असर काफी हद तक कम रहने की उम्मीद है. इस अवधि में कोल्ड डे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. वहीं, पूर्णिया, अररिया, जमुई, भागलपुर समेत पूर्वी बिहार के सभी 12 जिलों में किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. जबकि शेष जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के अनुसार, 9 जनवरी से पूरे बिहार में किसी भी तरह की चेतावनी लागू नहीं रहेगी. इसका मतलब है कि कोहरे और कोल्ड डे से लोगों को राहत मिलने की संभावना है और धूप भी देखने को मिल सकती है. हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति और अधिक स्पष्ट होगी.
13°C के पास पहुंच गया दिन का तापमान
शनिवार को पूरे बिहार में लोग कड़ाके की ठंड से ठिठुरते नजर आए. पिछले दो दिनों से धूप का आनंद ले रहे बिहारवासियों की हालत शनिवार को अचानक बिगड़ गई. दिन के तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई.
सबसे ज्यादा तापमान में गिरावट मोतिहारी में 7.2 डिग्री सेल्सियस, जिरादेई में 7.1 डिग्री सेल्सियस और वाल्मीकि नगर में 7 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड की गई. नतीजतन, कई जिलों में दिन का तापमान गिरकर 13.4°C तक पहुंच गया. सबसे ठंडा दिन मधुबनी में दर्ज किया गया. इसके अलावा, राज्य के अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 15°C से नीचे बना रहा.
टॉप 5 सर्द दिन वाले जिले
मधुबनी में अधिकतम तापमान 13.4°C दर्ज किया गया. वहीं वाल्मीकि नगर में 14.2°C, अगवानपुर में 14.3°C रहा. मोतिहारी, बक्सर और पटना में अधिकतम तापमान 14.4°C दर्ज किया गया. सर्वाधिक अधिकतम तापमान 20.6°C बांका और डेहरी में दर्ज हुआ. वहीं, सबसे कम रात का तापमान 6.4°C भागलपुर के सबौर में दर्ज हुआ. सबसे कम दृश्यता अररिया के फारबिसगंज में 50 मीटर रही.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
| पटना | 14.4 | 10.8 | 181 |
| मुजफ्फरपुर | 15 | 11.6 | 127 |
| गयाजी | 15.8 | 10.2 | 124 |
| पूर्णिया | 20.5 | 9.7 | 175 |
| भागलपुर | 16.8 | 6.4 | 151 |
नोट- ये आंकड़े शनिवार के हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.