मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगे का मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है. बसंत ऋतु की दस्तक के साथ ही सर्दियों की विदाई शुरू हो चुकी है. अब हल्की-फुल्की पछुआ हवाएं चलती रहेगी. दिन-ब-दिन तापमान में इजाफा देखने को मिलेगा. पेड़ों से पत्ते झड़ते रहेंगे और गर्माहट धीरे-धीरे बढ़ती जाएगी.
ऐसे में जो धूप अब तक सुकून देती थी, आने वाले दिनों में वही तेज महसूस होने लगेगी. फिलहाल दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है, जबकि रात का तापमान भी बढ़कर 14.3 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है. मौसम का यह बदलाव आने वाले दिनों में और साफ रूप से नजर आने वाला है.
दिन में गर्मी, रात के गुलाबी ठंड
पटना समेत बिहार के कई जिलों में फरवरी वाली धूप अपना असर दिखाने लगी है. मंगलवार को सुबह से ही नीला आसमान दिखता रहा. अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में अब पछुआ हवा का प्रभाव धीरे-धीरे कम हो रहा है. इससे न्यूनतम तापमान में सुधार होने की संभावना है. वसंत जैसा मौसम होने लगा है. दिन में तेज धूप और आलस का असर बढ़ने लगा है. मंगलवार को को राजधानी का अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जबकि सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.4°C कैमूर में दर्ज हुआ. दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप तेज रही. देर रात और अहले सुबह हल्की ठंड महसूस की जा सकती है.
इन जिलों में चुभ रही है धूप
कई जिलों में दिन समय अब धूप चुभने लगी है. कैमूर के अलावा मोतिहारी, बक्सर, गया, औरंगाबाद, नालंदा, शेखपुरा, किशनगंज सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान 28°C के आस पास दर्ज हुआ दर्ज हुआ. दक्षिण बिहार के जिलों का तापमान 24.6°C से लेकर 28°C तक दर्ज हुआ जबकि दक्षिण बिहार का अधिकतम तापमान 25.4°C से लेकर 29.4°C तक दर्ज हुआ. दक्षिण बिहार के जिलों में ज्यादा तेज धूप दिख रही है.
एक नजर आने वाले दिनों के तापमान पर
यह मौसम का ट्रांजिशन फेज है. इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव लगा रहेगा. 11 से 17 फरवरी के बीच मौसम में खास बदलाव की संभावना नहीं है. इस दौरान दिन का तापमान लगभग 25-28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, जबकि रात का तापमान भी करीब 10-14 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. आसमान साफ रहेगा और दिन में तेज धूप देखने को मिलेगी. घने कोहरे की स्थिति से राहत बनी रहेगी.
इस पूरे अवधि में बारिश के कोई आसार नहीं हैं. दिन के समय पछुआ हवा का प्रभाव महसूस किया जाएगा, वहीं रात होते-होते हवा की रफ्तार में कमी आ सकती है. कुल मिलाकर मौसम शुष्क और सुहावना बना रहने की उम्मीद है.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
| पटना | 25.6 | 13.1 | 297 |
| मुजफ्फरपुर | 24.6 | 14 | 144 |
| गयाजी | 27.6 | 10 | 134 |
| पूर्णिया | 26.2 | 12.7 | 130 |
| भागलपुर | 25.8 | 9.9 | 94 |
नोट- ये आंकड़े मंगलवार के हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.