इतना ही नहीं, एसआईटी की टीम ने अस्पताल से जुड़े कई अन्य कर्मचारियों से भी अलग-अलग पूछताछ की. नर्सिंग स्टाफ, टेक्नीशियन और अन्य कर्मियों से छात्रा के अस्पताल में लाए जाने से लेकर इलाज और रिपोर्टिंग तक की जानकारी ली गई. एसआईटी अब डॉ. सतीश और अन्य कर्मियों द्वारा दिए गए बयानों का आपस में मिलान करेगी, ताकि किसी भी तरह के विरोधाभास या गड़बड़ी का पता लगाया जा सके. जांच एजेंसी का फोकस इस बात पर है कि कहीं मेडिकल प्रक्रिया या रिपोर्टिंग में कोई लापरवाही या साजिश तो नहीं हुई. फिलहाल पूरे मामले में एसआईटी की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
बिहार में भी दिखने लगा ठंड का असर
बिहार में एक बार फिर ठंड ने जोर पकड़ लिया. राजधानी पटना में रविवार सुबह से घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ. समस्तीपुर और बेगूसराय में भी घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई है. कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर मात्र 50 मीटर रह गई, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा. मौसम विभाग ने आज राज्य के 19 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है. उधर, नीट छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म और उसकी मौत के मामले को लेकर कांग्रेस आज सड़कों पर उतर रही है. पार्टी की ओर से सुबह 11:45 बजे पटना के इनकम टैक्स गोलंबर पर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा. इस दौरान कांग्रेस पुलिस की कथित लापरवाही और प्रशासनिक विफलता के खिलाफ अपना आक्रोश जताएगी. प्रदर्शन में कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे. पढ़ें बिहार के ताजा समाचार.
- नितिन नबीन के लिए मंत्री गिरीराज सिंह क्या बोले
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष नितिन नबीन को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि नितिन नबीन युवा भी हैं और बिहार से आते हैं, यह पार्टी के लिए गर्व की बात है. गिरिराज सिंह ने कहा कि जितने वर्षों की भारतीय जनता पार्टी है, उतने ही वर्षों के अध्यक्ष नितिन नबीन हैं, जो उनके लंबे राजनीतिक अनुभव को दर्शाता है. उन्होंने भरोसा जताया कि नितिन नबीन पार्टी की उम्मीदों पर “दो सौ फीसदी” खरे उतरेंगे. वहीं, राहुल गांधी के ‘जेन जी’ वाले बयानों पर तंज कसते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि ऐसे बयान केवल दिखावे के लिए हैं और जनता सब समझती है.
- शिवहर पहुंचे सीएम नीतीश
उधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धिय यात्रा आज सीतामढ़ी पहुंची. जहां उन्होंने जनता से संवाद किया. कई योजनाओं की सौगात दी. उसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला शिवहर के लिए रवाना हो गया. शिवहर के ढेकुली धाम से शिवहर शहर की ओर उनका काफिला जा पहुंचा. शिवहर शहर में बस स्टेंड का मुख्यमंत्री उद्घाटन करेंगे.
- मोतिहारी में युवक को सिर में गोली मारी
मोतिहारी के लखौरा थाना के गोला पकड़िया स्कूल कैंपस के पास आपसी रंजिश में एक युवक की सिर में गोली मार दी. जख्मी हालत में युवक सुमन कुमार उर्फ़ विक्की को लखौरा थाने की पुलिस ने सदर अस्पताल लाई. डॉक्टरों ने सुमन कुमार को मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. बताया जाता है सुमन कुमार पर मुफस्सिल लखौरा के साथ-साथ कई थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं. पिछले दिनों ही पुलिस ने उसे पड़कर पूछताछ की थी और उसे छोड़ दिया था, लेकिन सुबह-सुबह आपसी रंजिश में गोली चल जाने से माहौल गर्म हो गया. बताया जाता है कि सुमन कुमार अपने किसी रिश्तेदार के घर ठहरा था. सुबह ही अज्ञात अपराधी ने उसे गोली मार दी. घायल के परिजन साही यादव ने बताया सुमन कुमार पर अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी.
- नितिन नबीन के लिए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का बयान
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का बयान सामने आया. उन्होंने कहा कि- बिहार के लिए बहुत खुशी का दिन है. नितिन नवीन राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नामांकन करेंगे और उनके नेतृत्व में बेहतर काम होगा. बिहार के लिए गौरव का दिन है. प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, रक्षा मंत्री, नड्डा जी सबको धन्यवाद देते हैं कि बिहार से आने वाला व्यक्ति अध्यक्ष बन रहा है.
- कैमूरः ट्रेन से काटा व्यक्ति के शव सदर अस्पताल में परिजनों ने की पहचान
भभुआ सदर अस्पताल में घटाव ओवर ब्रिज पुल के नीचे ट्रेन से काटा एक व्यक्ति के शव का परिजनों द्वारा पहचान किया गया है. आज पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि मृतक की पहचान खुदरा थाना क्षेत्र के फकराबाद सराय गांव निवासी रामेश्वर राम के 32 वर्षीय पुत्र रमेश कुमार के रूप में हुई है. मृतक के छोटा भाई विकास कुमार ने बताया शाम लगभग 5 बजे रमेश कुमार घर से बाहर घूमने के लिए निकला हुआ था. वह प्रतिदिन शाम के समय में गांव से बाहर एक फील्ड है वहां घूमने के लिए जाता था लेकिन शुक्रवार की शाम जब देर रात तक घर नहीं लौटा तो काफी खोजबीन की गई कहीं पता नहीं चला. पता चला कि शुक्रवार की शाम घटाव ओवरब्रिज पुल के नीचे ट्रेन की चपेट में आने से कटकर उसकी मौत हो गई थी जो शव क्षत-विक्षत हो गया था. सूचना पर मोहनियां थाना की पुलिस ने पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया. जिसका पोस्टमार्टम कर शव को मोर्चरी हाउस में रखा गया था.
- बेगूसराय में किसान की गोली मारकर हत्या
बेगूसराय में एक बार फिर अपराधियों का तांडव देखने को मिला. बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर सोई अवस्था में पत्नी के सामने ही एक किसान को गोली मार दी. वारदात के बाद इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है. घटना बलिया थाना क्षेत्र के लखमीनिया वार्ड नंबर 22 की है. मृतक की पहचान लखमीनिया वार्ड नंबर 22 निवासी स्वर्गीय गोविंद यादव के पुत्र कृष्णनंदन यादव के रूप में की गई है. परिवार वालों ने बताया कि- कृष्णनंदन यादव अपनी पत्नी के साथ घर में सो रहे थे, तभी अज्ञात अपराधी घर में घुसे और सोई अवस्था में ही उन्हें गोली मार दी. गोली चलने की आवाज से पत्नी की नींद खुली तो उसने शोर मचाना शुरू किया. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में कृष्णनंदन यादव को इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
- सीएम नीतीश कुमार सीतामढ़ी जाएंगे
समृद्धि यात्रा के तहत सीएम नीतीश कुमार का सीतामढ़ी और शिवहर में कार्यक्रम है. सुबह 11.15 में सबसे पहले सीएम सीतामढ़ी पहुंचेंगे. बेलसंड के चंदौली से 41 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे. कुल 208 करोड़ की लागत की 26 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे. सबसे पहले सीएम 7089.38 लाख रुपए से बने बेलसंड मीनापुर पथ का उद्घाटन करेंगे. उसके बाद बागमती तटबंध का निरीक्षण करेंगे. निरीक्षण के बाद हित नारायण उच्च विद्यालय में जनसंवाद करेंगे. उसके बाद विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण करेंगे. अधिकारियों के साथ सीएम समीक्षा बैठक भी करेंगे. 11.25 में चंदौली पुल का उद्घाटन करेंगे. सीतामढ़ी के बाद सीएम सड़क मार्ग से शिवहर जाएंगे.
- गया से लापता 4 स्टूडेंट दिल्ली में मिलीं
गयाजी के डेल्हा थाना क्षेत्र से लापता चार छात्राओं को आखिरकार पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया. सभी चार छात्राएं आपस में सहेलियां थी और वह बीते 15 जनवरी की देर शाम से लापता हो गई थीं, जिसे पुलिस ने रविवार की शाम दिल्ली के कनॉट पैलेस से चारों छात्राओं को बरामद किया. आज सभी छात्राओं को गया लाई जाएंगी. बता दें कि 15 जनवरी को मैट्रिक का एडमिट कार्ड लेने के लिए सभी छात्राएं घर से अनुग्रह कन्या स्कूल के लिए निकली थीं, लेकिन जब देर शाम तक सभी छात्राएं घर नहीं पहुंची तो घर वाले काफी परेशान हुए थे. सभी छात्राओं के परिवार वाले काफी खोजबीन की जिसके बाद अगले दिन डेल्हा थाना मे गुमसुदगी का मामला दर्ज करते हुए पुलिस अलर्ट मोड पर आई, हालांकि लापता छात्राओं में से एक छात्रा ने अपने घर पर फोन कर नानी घर आरा में रहने की बात बताई थी, लेकिन फिर जब पुलिस वहां पहुंची तो सभी छात्राएं वहां से निकल पड़ी थीं. कॉल ट्रैकिंग करने के दौरान पता चला कि सभी छात्रा दिल्ली की ओर रवाना हो गई हैं. जहां पुलिस प्लेन के माध्यम से दिल्ली पहुंची और सभी छात्राओं को शकुशल बरामद कर लिया. फिलहाल आज सभी छात्राओं को ट्रेन से गयाजी लाया जाएगा. इसके बाद पुलिस सभी छात्राओं से भागने का कारण से संबंधित पूछताछ करेगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.