- बांका में नाबालिग लड़की की गला रेतकर हत्या, ऑनर किलिंग की आशंका
बिहार के बांका जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग लड़की की गला रेतकर हत्या कर दी गई. यह मामला बांका थाना क्षेत्र के चमरैली गांव का है, जहां 17 वर्षीय सुप्रिया कुमारी का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही बांका एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.प्राथमिक जांच में पुलिस को ऑनर किलिंग की आशंका है. परिजनों द्वारा ही हत्या को अंजाम दिए जाने की संभावना जताई जा रही है.पुलिस ने मृतका के पिता शशिभूषण झा समेत अन्य परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है.
- कृषि पदाधिकारी 19000 की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई की है. निगरानी की टीम ने मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी (DAO) सुधीर कुमार को उनके निजी आवास से 19,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया. सुधीर कुमार के पास वर्तमान में परियोजना निदेशक (आत्मा) और सहायक निदेशक (शस्य), तिरहुत प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी था.
- खराब मौसम से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का गोपालगंज में प्रोग्राम कैंसिल
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का गोपालगंज में होने वाला कार्यक्रम कैंसिल हो गया. खराब मौसम की वजह से हेलीकॉप्टर उड़ने की अनुमति नहीं मिली. थावे मंदिर में पूजा अर्चना और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत सम्मेलन में शामिल होना था.
- बेगूसराय में एक शख्स के घर CBI की रेड
बेगूसराय बलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जामा मस्जिद के पास स्थित एक घर पर शुक्रवार को सीबीआई की टीम ने छापेमारी की. यह कार्रवाई राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक मामले को लेकर की गई है. सूत्रों के अनुसार, मो. खुर्शीद अनवर के बेटे मो. हासिर खुर्शीद से सीबीआई ने करीब 8 घंटे तक पूछताछ की. टीम सुबह लगभग 10 बजे मौके पर पहुंची और शाम 5 बजे तक घर के अंदर ही पूछताछ व जांच चलती रही. इस दौरान किसी को भी घर के अंदर जाने या बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई. छापेमारी के दौरान सीबीआई टीम को कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिन्हें जांच के लिए अपने साथ ले जाया गया है. हालांकि, सीबीआई की ओर से दस्तावेजों या छापेमारी के उद्देश्य को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. बताया जा रहा है कि यह पूछताछ राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े 2023 और 2025 के मामलों से संबंधित है.
- SIR पर संजय सरावगी का बयानटीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के बयान पर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, “…एसआईआर (SIR) लागू करके चुनाव आयोग रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के नाम मतदाता सूची से हटा रहा है. टीएमसी किसी विशेष समुदाय से वोट हासिल करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है. आगामी चुनावों में पश्चिम बंगाल में टीएमसी सत्ता से बाहर हो जाएगी.”
- गोपालगंज में 1 से 8वीं तक के स्कूलों की छुट्टी
गोपालगंज में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. ऐसे में बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने स्कूल बंद करने का फैसला किया. 8वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों में शैक्षणिक कार्य बंद किया गया है. आंगनबाड़ी केंद्र में भी पठन- पाठन बंद रहेगा. डीएम पवन कुमार सिन्हा ने आदेश जारी किया है.
- सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस सूर्यकांत 2 दिन के पटना दौरे पर
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे हैं. उनके साथ सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति संजय करोल, न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और न्यायमूर्ति राजेश बिंदल भी मौजूद हैं. इस दौरान पटना हाईकोर्ट परिसर में 302.56 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी. इनमें एडीआर बिल्डिंग, ऑडिटोरियम, प्रशासनिक ब्लॉक, मल्टी लेवल पार्किंग, आईटी बिल्डिंग, आवासीय परिसर, महाधिवक्ता कार्यालय की एनेक्सी और हॉस्पिटल बिल्डिंग शामिल हैं. इसके अलावा गया में न्यायाधीशों के लिए बने नए गेस्ट हाउस का ऑनलाइन उद्घाटन और पुनपुन के पोठही स्थित बिहार ज्यूडिशियल अकादमी का भूमि पूजन भी किया जाएगा. सुबह 11 बजे चाणक्या नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, मीठापुर में दीक्षांत समारोह में भी मुख्य न्यायाधीश शामिल होंगे.
- बिहार की महिलाओं पर विवादित बयानः IP गुप्ता बोले- उसे पकड़कर लाने वाले को 10 लाख का ईनाम दूंगा
देहरादून में मंत्री रेखा आर्य के पति के विवादित बयान ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है. उनके द्वारा बिहार की महिलाओं को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणी के बाद उत्तराखंड से लेकर बिहार तक बीजेपी मुश्किल में घिर गई है. इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए बिहार के सहरसा से विधायक आईपी गुप्ता ने बड़ा ऐलान किया है. इंडियन इनक्लूसिव पार्टी के प्रमुख आईपी गुप्ता ने कहा है कि विवादित बयान देने वाले नेता को पकड़कर लाने वाले को 10 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा. उन्होंने इसे बिहार की महिलाओं का अपमान बताते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और बीजेपी पर भी दबाव बढ़ता नजर आ रहा है.
- बेगूसराय में भाजपा नेता के घर फायरिंग, बदमाशों ने बेरहमी से पीटा
बेगूसराय में ताबड़तोड़ गोलीबारी में भाजपा नेता विजय सिंह गंभीर घायल हो गए. शुक्रवार शाम बखरी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती बहादुरपुर इलाके में फायरिंग से अफरातफरी मच गई. घटना में पूर्व पंचायत समिति सदस्य एवं भाजपा नेता विजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए बखरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पहले विजय सिंह के घर पर पथराव किया और जमकर तोड़फोड़ की, इसके बाद गोलीबारी शुरू कर दी. घायल विजय सिंह ने बताया कि एक जनवरी को गांव के कुछ युवकों ने अंधाधुंध गोलीबारी की थी. उस समय उन्होंने युवकों को समझाने का प्रयास किया था, जिससे वे नाराज हो गए. दो जनवरी की शाम वे युवक दोबारा आए और गाली-गलौज करने लगे. विजय सिंह के अनुसार, जब वे इस संबंध में आवेदन देने बहादुरपुर थाना जा रहे थे, तभी अपराधियों ने उन्हें रास्ते में पकड़ लिया. इसके बाद उन्हें बखरी के शकरपुरा–बहादुरपुर बांध पर ले जाकर बंदूक के बट से बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया. परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखरी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए अलौली स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया.
- समस्तीपुर में सड़क हादसा
समस्तीपुर में सड़क हादसा हो गया. एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई और पास खड़े बाइक और ई रिक्शा उसकी चपेट में आ गए. गनीमत रही कि वहां कोई शख्स मौजूद नहीं था. दुर्घटना में ड्राइवर बुरी तरह घायल हो गया है. पिकअप वैन पलटी मौके पर अपरा तफरी का माहौल हो गया. आसपास के लोगों की सैकड़ो की संख्या में भीड़ जमा हो गई. जिसके बाद गाड़ी में फंसे चालक को स्थानीय लोगों के मदद से बाहर निकल गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचे सड़क को जाम से मुक्त कराया और फिर मामले की पड़ताल में जुट गई है. बताते चलें कि सुबह 8:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक शहरी इलाकों में नो एंट्री लागू किया गया.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.