Bihar Breaking News Live: नीट छात्रा मौत मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. अब इस कड़ी में एक धमकी भरी चिट्ठी ने सीबीआई को उलझा दिया है. उधर मिथिलांचल के प्रसिद्ध उग्रनाथ मंदिर से सोने का मुकुट , दान पेटी सहित लाखों की चोरी की घटना सामने आई है. बिहार की बड़ी खबरों के लिए हमारे साथ बने रहें.
बिहार न्यूज
पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव: कई प्रत्याशियों का नामांकन रद्द
पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के बाद जारी स्क्रूटनी की अंतिम सूची ने परिसर का माहौल गरमा दिया है. सूची जारी होते ही बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के नामांकन रद्द होने पर हंगामा शुरू हो गया. बताया जा रहा है कि जिन अभ्यर्थियों का कॉलेज में नामांकन पांच वर्ष से अधिक पुराना है, उनका पर्चा नियमों के आधार पर इनवेलिड कर दिया गया. इस कार्रवाई से छात्र जेडीयू को बड़ा झटका लगा है. संगठन के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी प्रिंस कुमार और महासचिव पद के उम्मीदवार मंजीत कुमार का नामांकन रद्द कर दिया गया. वहीं एनएसयूआई के एक प्रत्याशी का भी नामांकन अवैध घोषित किया गया है. नामांकन रद्द होने के बाद समर्थकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई. गौरतलब है कि पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ का चुनाव 28 फरवरी को होना है.
डीजे बजाने के मुद्दे पर सदन में जोरदार बहस, परिवहन मंत्री ने की बड़ी घोषणा
बिहार विधान परिषद में डीजे बजाने के मुद्दे पर जोरदार बहस हुई. निर्दलीय एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी ने बिना अनुमति डीजे संचालन पर रोक के बावजूद धड़ल्ले से इसके उपयोग का मामला उठाया. उन्होंने कहा कि राज्य में बिना लाइसेंस डीजे गाड़ियां तैयार की जा रही हैं और खुलेआम चलाई जा रही हैं. अत्यधिक ध्वनि से हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है और कई लोगों की हार्ट अटैक से मौत भी हो चुकी है. उन्होंने यह भी कहा कि शादियों में डीजे की धुन पर फायरिंग जैसी घटनाएं सामने आती हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर असर पड़ता है. मामले पर परिवहन मंत्री ने परिषद में घोषणा की कि अगले 15 दिनों के भीतर पूरे बिहार में गैर-लाइसेंसी डीजे और डीजे गाड़ियों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बिहार विधायकों को नोटिस
बिहार विधानसभा चुनाव में कथित वोट चोरी का मामला अब पटना हाई कोर्ट पहुंच गया है. इस मामले में हाई कोर्ट ने 42 विधायकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.इन विधायकों पर आरोप है कि उन्होंने चुनाव में वोट खरीदे और अपने हलफनामे में गलत जानकारी दी. हारे हुए विपक्षी उम्मीदवारों ने जीते हुए विधायकों के खिलाफ याचिका दाखिल की थी, जिस पर कोर्ट ने सुनवाई शुरू करते हुए नोटिस जारी किया.जिन नेताओं के नाम सामने आए हैं, उनमें विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव, पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा और विधायक चेतन आनंद समेत अन्य विधायक शामिल हैं. आरोप है कि एनडीए की ओर से वोटरों को 10-10 हजार रुपये देकर वोट खरीदे गए. मामला फिलहाल हाई कोर्ट में लंबित है.
आरजेडी एमएलसी का प्रदर्शन
विधान परिषद के बाहर आरजेडी एमएलसी ने जोरदार प्रदर्शन किया. परिषद के पोर्टिको में पहुंचकर नेताओं ने बैनर-पोस्टर लेकर नारेबाजी की. इस दौरान राबड़ी देवी समेत आरजेडी के सभी एमएलसी मौजूद रहे.आरजेडी नेताओं ने मैट्रिक परीक्षा में 10 मिनट देर होने पर एक छात्रा द्वारा आत्महत्या करने के मामले को लेकर सरकार को जिम्मेदार ठहराया. साथ ही उन्होंने नीट छात्रा हत्या मामले पर भी सवाल उठाए और कार्रवाई की मांग की.
नीट छात्रा केस में धमकी पत्र परिवार की लिखावट में मिला
नीट छात्रा मौत मामले में पुलिस को बड़ी जानकारी मिली है. छात्रा के घर से मिला धमकी भरा पत्र परिवार के ही एक सदस्य की लिखावट का निकला है.पत्र मिलने के बाद पुलिस को शक हुआ और परिजनों के हस्ताक्षर लेकर उसकी जांच एफएसएल से कराई गई. जांच में धमकी भरे पत्र की लिखावट परिवार के एक सदस्य से मेल खाई.अब पुलिस उस सदस्य से पूछताछ करेगी. पुलिस को संदेह है कि जांच कर रही एसआईटी और सीबीआई को गुमराह करने के लिए ऐसा किया गया हो सकता है.
नार्को टेस्ट
दानापुर के फुलवारी शरीीफ थाना क्षेत्र में एक छात्र की बिल्डिंग से गिरकर मौत के मामले में आज पुलिस संदिग्ध के नार्को टेस्ट की अनुमति लेने कोर्ट जाएगी. इससे पहले पुलिस डमी बॉडी के जरिए घटना का सीन रीक्रिएट कर सच्चाई जानने की कोशिश कर चुकी है.
About the Author

मनीष कुमार पिछले 15 सालों से न्यूज की दुनिया में सक्रिय हैं. रेडियो, टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले 5 साल से News18Hindi में कार्यरत हैं. खेल से राजनीति और फिर ब…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.