Pali Administration Action Against Illegal Pollution Plantछ पाली के पूनायता क्षेत्र में प्रशासन ने जंगल के बीच चल रहे एक अवैध धुलाई प्लांट को ध्वस्त कर दिया है. सरकारी ज़मीन पर बने इस प्लांट से ज़हरीला पानी ज़मीन में डाला जा रहा था. छापेमारी के दौरान संचालक सामान छोड़कर भाग निकले. प्रशासन अब दोषियों पर FIR दर्ज करने की तैयारी कर रहा है.
तहसीलदार कल्पेश जैन के नेतृत्व में जब टीम पूनायता के जंगल नुमा रास्ते से होते हुए प्लांट पर पहुंची, तो वहां हड़कंप मच गया. टीम की आहट सुनते ही प्लांट पर मौजूद कर्मचारी और संचालक अंधेरे का फायदा उठाकर घनी झाड़ियों की ओर भाग निकले. मौके पर हालात इतने अफरा-तफरी भरे थे कि लोग जलता हुआ चूल्हा, चाय की भगोली और अपना घरेलू सामान तक छोड़कर भाग गए. वहां पेड़ों से टंगी बच्चों की झोलियां इस बात का सबूत थीं कि यहाँ लोग अवैध रूप से न सिर्फ काम कर रहे थे, बल्कि सपरिवार रहकर प्लांट की निगरानी भी कर रहे थे.
जेसीबी से ढहाया अवैध साम्राज्य
प्रशासन ने मौके पर बिना कोई वक्त गंवाए सख्त एक्शन लिया. जेसीबी की मदद से धुलाई के लिए बनाए गए 10 विशाल पक्के टैंकों को पूरी तरह से जमींदोज़ कर दिया गया. टीम ने मौके से कपड़ों के सैकड़ों थान, एक लोडिंग टेम्पो और धुलाई की मशीन ज़ब्त की है. जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि यह प्लांट मुख्य सड़क से करीब आधा किलोमीटर अंदर कच्चे रास्ते पर बनाया गया था ताकि किसी की नज़र न पड़े. यहाँ फैक्ट्रियों से तैयार माल चोरी-छिपे लाकर धोया जाता था और उसका ज़हरीला पानी खुले में छोड़ दिया जाता था, जो किसानों की उपजाऊ ज़मीन को बंजर बना रहा था.
दोषियों के खिलाफ दर्ज होगी FIR
प्रशासन अब ज़ब्त किए गए वाहनों और मशीनरी के दस्तावेज़ों के ज़रिए प्लांट संचालक की पहचान करने में जुटा है. तहसीलदार कल्पेश जैन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी ज़मीन पर अतिक्रमण और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुँचाने की धाराओं के तहत नगर निगम की ओर से दोषियों के खिलाफ सख्त मुकदमा दर्ज कराया जाएगा. इस कार्रवाई के बाद से जिले के अन्य अवैध प्लांट संचालकों में भी भारी हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसानों की खुशियों और पर्यावरण से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
About the Author
Vicky Rathore is a multimedia journalist and digital content specialist with 8 years of experience in digital media, social media management, video production, editing, content writing, and graphic, A MAJMC gra…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.