भगवान परशुराम मंदिर तैयार
दरअसल, पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर में झारखंड और बिहार का पहला दिव्य व भव्य भगवान परशुराम मंदिर तैयार किया गया है. इस मंदिर का निर्माण कार्य 32 महीनों में पूरा हुआ है, जिसे महाराष्ट्र से आए कारीगरों ने भव्य नक्काशी के साथ निर्मित किया है. मंदिर का निर्माण राष्ट्रीय परशुराम सेना भार्गव के तत्वावधान में जनसहयोग से किया गया है.
मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोले
मंदिर का भूमि पूजन 3 मई 2023 को किया गया था. अब 6 फरवरी को मंदिर के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाएंगे. इस अवसर पर राष्ट्रीय परशुराम सेना भार्गव की ओर से भगवान परशुराम की प्राण प्रतिष्ठा सह 12 कुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं श्री शिवपुराण कथा का भव्य आयोजन 2 फरवरी से किया जाएगा.
प्राण प्रतिष्ठा की शुरुआत 15 जनवरी को
राष्ट्रीय परशुराम सेना भार्गव के अध्यक्ष मधुकर शुक्ला ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रमों की शुरुआत 15 जनवरी को हनुमत पूजा के साथ होगी. सुबह 10 बजे सिंगरा से भगवान परशुराम की मूर्ति शोभायात्रा के रूप में बाजार भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर पहुंचेगी. दोपहर 3 बजे से हनुमत पूजा का आयोजन होगा. इसके बाद प्रतिदिन संध्या 3 बजे से 6 बजे तक कथा तथा एक घंटे की भजन संध्या आयोजित की जाएगी.
निकलेगी भव्य कलश यात्रा
2 फरवरी को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसके साथ 12 कुंडीय महायज्ञ का शुभारंभ होगा. 2 से 8 फरवरी तक वृंदावन की प्रसिद्ध कथा वाचिका कृष्ण प्रिया जी द्वारा प्रतिदिन संध्या 3 बजे से 6 बजे तक श्री शिवपुराण कथा का वाचन किया जाएगा. 6 फरवरी को भव्य प्राण प्रतिष्ठा एवं रुद्र महायज्ञ का आयोजन होगा, जबकि महायज्ञ की पूर्णाहुति 8 फरवरी को संपन्न होगी.
24 डिसमिल भूमि में बना भव्य मंदिर
मधुकर शुक्ला ने बताया कि भगवान परशुराम का यह मंदिर 24 डिसमिल भूमि में निर्मित है, जिसे रेड़मा निवासी मथुरा तिवारी ने ठाकुरबाड़ी मंदिर के लिए दान स्वरूप उपलब्ध कराया था. मंदिर परिसर में भगवान परशुराम, शिव परिवार एवं हनुमान जी सहित कुल पांच प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिनकी ऊंचाई सवा सात फीट है.
लगभग 1.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस मंदिर का गुंबद 51 फीट ऊंचा है, जबकि मंदिर की कुल ऊंचाई 75 फीट है. यह भव्य मंदिर आने वाले समय में झारखंड और बिहार के श्रद्धालुओं के लिए आस्था, शक्ति और संस्कार का प्रमुख केंद्र बनेगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.