पलामू जिले में इकलौता भगवान परशुराम मंदिर बनकर तैयार हो रहा है. इसी ऐतिहासिक और धार्मिक अवसर को लेकर 4 जनवरी को एक विशेष भक्ति गीत जारी किया गया है. यह गीत राष्ट्रीय परशुराम सेना भार्गव के बैनर तले तैयार किया गया है, जो भगवान परशुराम जी की मूर्ति आगमन और मंदिर निर्माण के उत्सव को समर्पित है
पलामू जिले के ऋतिक कुमार ने भक्ति गीत को पूरी तरह स्थानीय भावना और श्रद्धा से गाया है. खास बात यह है कि गीत के बोल स्वयं कलाकार द्वारा लिखे गए हैं और इसकी रिकॉर्डिंग भी पलामू में ही की गई है. गीत के माध्यम से भगवान परशुराम जी के पलामू आगमन और उनके राज्याभिषेक की भव्य कल्पना को शब्दों और संगीत में पिरोया गया है.
भगवान परशुराम का भव्य मंदिर का निर्माण
गीत के बोल है कि “परशुराम जी का गूंजेगा दुनियां में शोर होगा, राज्याभिषेक होगा दंग सारे देख, देव अम्बर से आरती उतार रहे हैं, अभिनंदन करो, रोड़ी चंदन करो, परशुराम जी पलामू पधार रहे हैं.” यह गीत सोशल मीडिया और धार्मिक आयोजनों में तेजी से लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहा है.पलामू जिले में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से भगवान परशुराम का भव्य मंदिर निर्माण कराया जा रहा है. यह मंदिर 75 फीट ऊंचा होगा, जिसमें 51 फीट ऊंचा गुंबद शामिल है. मंदिर का निर्माण राष्ट्रीय परशुराम सेना भार्गव द्वारा कराया जा रहा है. फरवरी महीने में मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी.
2 फरवरी को निकलेगी जल यात्रा
आयोजन के अनुसार, 2 फरवरी को जल यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 6 फरवरी को भगवान परशुराम जी की प्राण प्रतिष्ठा होगी. इसके बाद 8 फरवरी तक भव्य यज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. जिसे लेकर ऋतिक ने यह गीत निकाला है.गीत के रचनाकार और गायक ने बताया कि उन्हें शुरू से ही संगीत में गहरी रुचि रही है. वे पिछले 6 वर्षों से गायन कर रहे हैं और अब तक कई एल्बम निकाल चुके हैं. उनका कहना है कि यह गीत उनके लिए सिर्फ एक प्रस्तुति नहीं, बल्कि आस्था और समर्पण का भाव है.भगवान परशुराम मंदिर निर्माण और इस भक्ति गीत ने पलामू में धार्मिक उत्साह को और बढ़ा दिया है. श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि यह मंदिर न केवल आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्र की पहचान को भी नई मजबूती देगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.