Palamu Yoga Classes: पलामू के मेदिनीनगर आंबेडकर पार्क में पतंजलि योग पीठ के गुरु पुरुषार्थी पवन आर्य फ्री में योगा क्लासेस चलाते हैं. सर्दियों में यह फिजिकली और मेंटली फिट रहने का बेहतरीन साधन है.
सर्दियों में योग क्यों है जरूरी
योग गुरु पुरुषार्थी पवन आर्य ने बताया कि ठंड के मौसम में नियमित योग न केवल शरीर को अंदर से गर्म रखता है, बल्कि मौसमी बीमारियों से भी बचाव करता है. सर्दियों में शारीरिक गतिविधियां कम होने से वजन बढ़ने, पाचन कमजोर होने और रक्त संचार धीमा होने की आशंका रहती है. योग शरीर के अंदरूनी तंत्र को सक्रिय करता है और मांसपेशियों को लचीला बनाए रखता है. सूर्य नमस्कार, भुजंगासन, ताड़ासन और पवनमुक्तासन जैसे आसन शरीर में ऊर्जा का संचार करते हैं.
इम्युनिटी और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार
योग का सबसे बड़ा लाभ रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करना है. प्राणायाम, कपालभाति और अनुलोम-विलोम जैसी श्वास क्रियाएं फेफड़ों को मजबूत बनाती हैं और शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह बढ़ाती हैं, जो कि ठंड के दिनों में जरूर करनी चाहिए. इससे सर्दी-जुकाम, खांसी और वायरल संक्रमण का खतरा कम हो जाता है.
मानसिक स्वास्थ्य की दृष्टि से भी सर्दियों में योग बेहद उपयोगी है. कम धूप और ठंड के कारण कई लोगों में तनाव, चिड़चिड़ापन और उदासी बढ़ जाती है. ध्यान और योग निद्रा मानसिक शांति देती हैं और नींद की गुणवत्ता में सुधार लाती हैं.
मेदिनीनगर में निःशुल्क योग कक्षा का आयोजन
पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित आंबेडकर पार्क में पतंजलि योग पीठ द्वारा नियमित रूप से योग कक्षा का संचालन किया जा रहा है. इस योग कक्षा का संचालन योग गुरु पुरुषार्थी पवन आर्य द्वारा किया जाता है. उन्होंने बताया कि यहां महिला और पुरुष बड़ी संख्या में नियमित योग करने आते हैं. यह योग कक्षा पूरी तरह निःशुल्क है और ठंड के दिनों में सुबह 6 बजे से 7 बजे तक आयोजित होती है.
लोगों को मिल रहा प्रत्यक्ष लाभ
योग कक्षा में शामिल होने वाले लोगों का कहना है कि नियमित योग से उन्हें शारीरिक और मानसिक दोनों तरह का लाभ मिल रहा है. कमल केडिया गांव निवासी ओम प्रकाश शुक्ला ने बताया कि वे करीब 16 किलोमीटर दूर से प्रतिदिन योग करने आंबेडकर पार्क आते हैं. दोस्तों के माध्यम से उन्हें इस निःशुल्क योग कक्षा की जानकारी मिली. उन्होंने कहा कि यहां योग करने से उन्हें काफी फायदा हुआ है और स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव महसूस हो रहा है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.