पटना के गांधी मैदान में आज अटल विचार परिषद द्वारा “हमारे अटल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय की 164 वीं जयंती और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी समापन वर्ष, आपातकाल के 50 वर्ष और वंदे मातरम के 150 वें वर्ष के अवसर पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अटल विचार परिषद के संरक्षक व पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने की और संयोजन डॉ. अर्जित शाश्वत चौबे द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, विधान परिषद सभापति अवधेश नारायण सिंह, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने संयुक्त रूप से किया।
जेपी,अटल और मालवीय जैसे महापुरुष विरले होते हैं-डॉ. प्रेम कुमार
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भारत रत्न मदन मोहन मालवीय और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महामानव इस धरती पर विरले ही जन्म लेते हैं। ऐसे महापुरुषों का जीवन और कार्य भारत के गौरवशाली इतिहास का आधार हैं। उन्होंने अपने कर्म और विचारों से पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ाया।
अटल के सपनों का भारत मोदी के नेतृत्व में हो रहा साकार- सम्राट चौधरी
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने जिस सशक्त और समर्थ भारत का स्वप्न देखा था, वह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बिहार की जनता ने एनडीए को फिर से भरोसा दिया है और नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार अगले पांच वर्षों में बिहार के गौरवशाली अतीत को लौटाने के लिए निर्णायक कदम उठाएगी।
बिहार केवल राजनीति नहीं, इतिहास की धरती है
सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि पटना कभी मगध साम्राज्य की राजधानी था, जो अपने समय में वर्तमान भारत से तीन गुना बड़ा था। वह भारत का स्वर्णिम काल था, जहां सुशासन की परंपरा स्थापित हुई। आज एनडीए सरकार उसी परंपरा को पुनर्जीवित करने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा युवाओं को नेतृत्व दिया है। बिहार के बेटे नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने तीसरी पीढ़ी के नेतृत्व को आगे बढ़ाया है।
उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि अटल जी के विचार, मालवीय जी का राष्ट्रबोध, संघ की सेवा परंपरा और वंदे मातरम की राष्ट्रभक्ति मिलकर भारत की वैचारिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
15 युवाओं को मिला अटल युवा सम्मान
कार्यक्रम के दौरान बिहार के 15 युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए अटल युवा सम्मान से सम्मानित किया गया। इनमें अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविद डॉ. शरद सागर, मिस्टर इंडिया वर्ल्ड 2025 विजेता सेवम सिंह, हजारों निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाने वाले डॉ. रमन किशोर, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका निधि चौधरी, लाखों लोगों का निःशुल्क ऑपरेशन करने वाले डॉ. नवनीत, युवा कवि आदर्श भारद्वाज, नासा रोवर प्रोजेक्ट से जुड़े हर्ष राजपूत, सुमंत कुमार, अतिशय चौबे, लेखिका डॉ. मेघा रानी, अंडर-15 महिला क्रिकेटर साक्षी कुमारी, भारतीय बास्केटबॉल खिलाड़ी नंदनी कुमारी, रक्तवीर नितेश चौबे, युवा कवि कुमार लक्ष्मीकांत और फैशन डिजाइनर वैभव झा शामिल हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.